IND vs WI: पाकिस्तान के आमिर का क्यों उड़ रहा मजाक? उनके ‘सेमीफाइनल में नहीं’ वाले बयान पर भारत का करारा जवाब

0
5

टी20 विश्वकप 2026 की अंतिम-चार टीमें मिल चुकी हैं। भारत ने रविवार को नॉकआउट मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में खेले गए मुकाबले में 196 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने चार गेंद शेष रहते पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर को मुंहतोड़ जवाब दिया। आमिर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहला कहा था कि भारतीय टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगी। अब इसी बयान पर आमिर की बहुत किरकिरी हो रही है।

'बाबा' आमिर से फुस्स आमिर बने

दरअसल, आमिर के इस बयान के बाद टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के हाथों हार मिली थी। आमिर ने पाकिस्तानी टीवी शो 'हारना मना है' में एंकर ताबिश हाशमी से कहा था कि टीम इंडिया सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगी, क्योंकि भारत के पास बहुत बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। आमिर ने कहा था कि भारत की बल्लेबाजी ढह रही है। उन्होंने सुपर-8 ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के सेमीफाइनल में पहुंचने की भविष्यवाणी की थी। उनके इस बयान के बाद द. अफ्रीका के खिलाफ भारत की बल्लेबाजी एक्सपोज हो गई थी। इसके बाद तुरंत आमिर को शो में 'बाबा आमिर' का टैग दे दिया गया था। जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया की जीत और वेस्टइंडीज से मैच पहले भी आमिर अपने बयान पर कायम रहे कि भारत सेमीफाइनल में नहीं जा पाएगा। उन्होंने शो पर मौजूद पाकिस्तान के ही दो क्रिकेटर राशिद लतीफ और अहमद शहजाद से शर्त तक लगा ली। आमिर ने कहा कि भारत वेस्टइंडीज से हार जाएगा। वहीं, शहजाद और लतीफ ने कहा था कि भारत वेस्टइंडीज को भी हराएगा और फिर सेमीफाइनल भी जीतकर फाइनल में पहुंचेगा। 
 
भारत की जीत पर आमिर का बयान

हालांकि, रविवार को टीम इंडिया की जीत के बाद इसी शो में आमिर के तेवर बदले बदले नजर आए। उन्होंने टीम इंडिया को बधाई जरूर दी, लेकिन भारत की कमजोरी गिनाते रहे। उन्होंने कहा, 'भारत ने मुझे गलत साबित किया और मैं इसका श्रेय पूरी टीम को दूंगा, क्योंकि यहां उनका हक बनता है। लेकिन अगर मैं इसे सिर्फ क्रिकेट के नजरिए से आंकूं, तो भारत कुल मिलाकर अच्छा क्रिकेट नहीं खेल रहा है। मैं अब भी कह रहा हूं। उनकी फील्डिंग देखिए। उन्होंने तीन से चार कैच छोड़े और मैदान में कई बार गड़बड़ी की। बुमराह को छोड़कर हर दूसरा गेंदबाज पिट रहा है। भारत सिर्फ एक गेंदबाज के दम पर खेल रहा है। मैं अभी भी मानता हूं कि भारत टी20 विश्व कप 2026 का हॉट फेवरिट (खिताब जीतने के लिए सबसे पसंदीदा टीम) नहीं है।' इसके साथ ही आमिर ने संजू की साहसिक पारी की भी तारीफ की। आमिर ने कहा, 'संजू ने अपने जीवन की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। मैंने उनकी आईपीएल और अन्य मैचों की पारियां देखी हैं, लेकिन यह पारी और वह भी करो या मरो जैसे नॉकआउट मुकाबले में, बेहद खास थी।

मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की कोशिश?

हालांकि, आमिर के इस बयान के बाद क्रिकेट जगत में और फैंस के बीच बहस तेज हो गई है कि क्या यह पाकिस्तानियों की ओर से सिर्फ मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की रणनीति है। क्योंकि उनकी अपनी टीम टी20 विश्वकप से बाहर हो चुकी है। पाकिस्तान की टीम खुद अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाती और बस गीदड़भभकियों और राजनीति से चलती है और उन्हें दूसरों की कामयाबी भी नहीं पचती।

गीदड़भभकियों से नहीं मिलती जीत

टी20 विश्वकप से पहले पीसीबी के तमाम ड्रामे और मोहसिन नकवी की बयानबाजी के बाद अब भारत ने पाकिस्तान को दिखा दिया कि क्यों भारतीय टीम सबसे मजबूत टीमों में से एक है, तो यह बात पड़ोसी मुल्क को पच नहीं रही है। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को दिखा दिया कि सिर्फ बड़बोलेपन से काम नहीं होता, मैदान पर प्रदर्शन करके दिखाना होता है। अब भारतीय टीम पांच मार्च को मुंबई के वानखेड़े में दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करेगी, वहीं चार मार्च को पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।