सरगुजा में नकली गोल्ड से ठगी का बड़ा मामला

0
6

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले| में नकली सोने के बिस्किट को ओरिजिनल सोना का बिस्किट बताकर लाखों रुपए की ठगी का बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने इस पूरे मामले में तीन महिलाओं सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपी गुजरात और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. आरोपियों ने मार्च महीने की शुरुआत में ही एक परिवार को झांसा देकर उन्हें नकली बिस्किट थमा दिया था. इसके बदले में उन्होंने 15 लाख रुपए की ठगी की थी, इसके अलावा घर में रखे गए ओरिजिनल जेवरात को भी ठग लिया था, उसके बदले भी नकली बिस्किट थमा दिया गया था|

क्या है पूरा मामला?

अंबिकापुर के नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति ने 8 मार्च को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करायी कि उसके घर में मंजू नाम की महिला करीब 7-8 वर्षों से घी बेचने के लिए आती थी, जो अपने को राजस्थान किशनगढ़ की रहने वाली बताती थी. होली के त्यौहार से पहले मंजू उसके घर आई थी, जो अपने साथ सोने का बिस्किट लाई थी जिसे दिखाकर बोली की उसके घर में शादी है. इसका सोने के बिस्किट का गहना बनवा दीजिए. तब पीड़ित द्वारा होली त्यौहार के बाद सोनार से गहना बनवा देने की बात बोला गया. होली त्यौहार खत्म होने के बाद मंजू अपने 2 महिला साथियों के साथ 7 मार्च को आई. मंजू अपने साथ लाई सोने के बिस्किट को पीड़ित को देकर बोली कि आपके घर में शादी अभी लेट है, मेरे यहां शादी तत्काल है. आप अपनी लडकी के लिए जो जेवर बनवाए हैं, उसे व करीब 15-20 लाख रूपये भी दे दीजिए. बदले में सोने के बिस्किट रख लीजिए|

तब पीड़ित उसके द्वारा लाये गए सोना के बिस्किट को देखा जो उसके घर में रखे जेवर से ज्यादा मात्रा था, इससे उसके झांसे में आ गया. इसके बाद पीड़ित अपनी बेटी के कान का टप्स, कंगन, हार, अंगूठी कुल वजन लगभग 200 ग्राम तथा अपने पास बेटी की शादी के लिए रखा 15 लाख रूपये नगद दे दिया और बदले में उसके द्वारा दिये गये सोने का बिस्किट को अपने पास रख लिया. उनके जाने के करीब आधा घण्टा बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ. तब सोने के बिस्किट को पड़ोस के सोनार दुकान के यहां ले जाकर चेक करवाया तब पता चला कि उसके साथ ठगी हुआ है|

4 आरोपी गिरफ्तार किए गए

थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा दौरान विवेचना घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज का जांच किया गया. पुलिस टीम द्वारा तकनीकी सहायता से आरोपियों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त कर पुलिस टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गुजरात रवाना किया गया था. जो पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले में शामिल मंजू राठौर पति उत्तम राठौर 44 वर्ष निवासी मुकाम गडका, थाना अजीधाम जिला राजकोट गुजरात, संतोष राठौर आत्मज श्यामजी राठौर उम्र 45 वर्ष साकिन गडका, थाना अजीधाम जिला राजकोट गुजरात को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों की निशानदेही पर 7 लाख 78 हजार रुपये नगद एवं 1 सोने का कड़ा लगभग 50 ग्राम बरामद किया गया|

प्रयागराज से दो आरोपी गिरफ्तार

आरोपियों से पूछताछ के दौरान मामले में शामिल अन्य आरोपियों के प्रयागराज मे होने की जानकारी दी गई. पुलिस टीम को इस पर प्रयागराज उत्तर प्रदेश रवाना किया गया, पुलिस टीम द्वारा प्रकरण में शामिल सुनीता गुजराती पति रवि गुजराती उम्र 35 वर्ष साकिन धांगतरा गुजरात हाल मुकाम भावपुरा थाना करौली प्रयागराज उत्तरप्रदेश (04) कमला गुजराती आत्मज पप्पू गुजराती उम्र 45 वर्ष साकिन धींगतरा गुजरात का होना बताए. आरोपियों को प्रयागराज से अभिरक्षा मे लेकर घटना के सम्मका में पूछताछ किये जाने पर घटना कारित किया जाना स्वीकार किया गया, आरोपियों के कब्जे से 12.53 लाख रुपये नगद रकम एवं सोने का एक कडा लगभग 50 ग्राम बरामद किया गया|

सभी आरोपियों से कुल नकदी 20.31 लाख रुपये नगद एव सोने का 2 कडा लगभग 100 ग्राम व 4 नग मोबाइल बरामद किया गया है. आरोपियों से शेष ठगी के सोना के सम्बन्ध में पूछताछ किये जाने पर शेष सोना को प्रयागराज में एक सोनार को बिक्री किया जाना बताया गया. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है|