जयपुर। राजस्थान में सर्दी का कहर जारी है। बुधवार को भी प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। राजधानी जयपुर में सुबह से ही विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे का असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर साफ दिखाई दिया। जयपुर एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 8 फ्लाइट को या तो रद्द करना पड़ा या उनके समय में बदलाव किया गया। भीषण ठंड और शीतलहर के चलते राज्य सरकार ने एहतियातन 25 जिलों में आठवीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं जोधपुर में स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 बजे से कर दिया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 10 जनवरी तक प्रदेश को ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।
जयपुर में कोहरे का सबसे ज्यादा असर
बुधवार सुबह जयपुर के प्रताप नगर, मानसरोवर, वैशाली नगर, झोटवाड़ा और आमेर रोड सहित कई इलाकों में घनी धुंध छाई रही। जलमहल क्षेत्र में कोहरे की चादर इतनी घनी रही कि झील के पार का दृश्य पूरी तरह ओझल हो गया। विजिबिलिटी शून्य के करीब होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई और जगह-जगह जाम जैसी स्थिति बनती रही।
हवाई यातायात प्रभावित, 8 फ्लाइट पर असर
कोहरे के कारण जयपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने और आने वाली कई फ्लाइट प्रभावित हुईं। जयपुर से इंदौर जाने वाली फ्लाइट 6E-7744 सुबह 6:25 बजे उड़ान नहीं भर सकी। इसी तरह 6E-7465 (जयपुर–उदयपुर) भी सुबह 6:55 बजे रद्द रही। जयपुर से गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट 6E-748 गुवाहाटी में कोहरे के कारण जयपुर एयरपोर्ट पर ही रुकी रही।इसके अलावा जयपुर से अहमदाबाद, देहरादून, जैसलमेर और इंदौर जाने वाली अन्य फ्लाइट्स को 1 से 2 घंटे तक देरी से रवाना किया गया। यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
25 जिलों में स्कूल बंद, जोधपुर में बदला समय
कड़ाके की ठंड को देखते हुए शिक्षा विभाग ने जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, दौसा सहित 25 जिलों में कक्षा 1 से 8 तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। जोधपुर में ठंड की तीव्रता को देखते हुए स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से कर दिया गया है। अभिभावकों ने इस फैसले का स्वागत किया है।
जिलों में भी कोहरे का असर
सीकर के फतेहपुर में बुधवार को भी घना कोहरा छाया रहा। यहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के मुकाबले 2.5 डिग्री अधिक रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर होने से वाहन धीमी गति से चलते नजर आए।नागौर में भी बुधवार तड़के 4 बजे से घना कोहरा छा गया। सुबह करीब 7:45 बजे सुगन राठोड़ी कुआ क्षेत्र में विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमट गई। इससे सड़क यातायात प्रभावित रहा।
माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु के करीब
प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में सर्दी और तेज हो गई है। यहां तापमान फिर से जमाव बिंदु के आसपास पहुंच गया, जिससे ठंड और बढ़ गई। खुले स्थानों पर बर्फीली हवाओं का असर महसूस किया गया।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को तीन जिलों में घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 18 जिलों में कोहरे और तीन जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट लागू है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय कोहरा बना रहेगा और ठंड से राहत के आसार नहीं हैं।पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग के जिलों में घना कोहरा रहा। मंगलवार को प्रदेश का सबसे ठंडा दिन पिलानी (झुंझुनूं) में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान केवल 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।








