सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के अधूरे काम पर सरकार घिरी

0
3

प्रदेश में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के अधूरे कार्यों को लेकर विधानसभा में जोरदार हंगामा हो गया। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। प्रश्नकाल के दौरान उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा ने कहा कि शहरों में व्यापक खुदाई के बावजूद सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स का काम अधूरा पड़ा है और पूछा कि ये कार्य कब तक पूरे होंगे। जवाब में मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत टेंडरों में कई तकनीकी खामियां थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर सीवरेज पाइप लाइन तो डाली गई लेकिन इनलेट और आउटलेट का स्तर सही नहीं रखा गया, जिससे संचालन और प्रबंधन (ऑपरेशन एंड मैनेजमेंट) की शर्तों का पालन नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि इन त्रुटियों को सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंत्री के बयान पर कांग्रेस विधायकों ने आपत्ति जताते हुए हंगामा किया। स्पीकर द्वारा अगला प्रश्न बुलाए जाने के बाद नाराज कांग्रेस सदस्य सदन से बाहर चले गए।

इस पर संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने कांग्रेस के वॉकआउट को निंदनीय बताया और कहा कि अनुकूल जवाब नहीं मिलने पर सदन छोड़ना उचित नहीं है। वहीं बसपा विधायक मनोज न्यांगली ने भी कहा कि बार-बार के हंगामे और वॉकआउट से अन्य सदस्यों का समय प्रभावित होता है।