Tuesday, February 4, 2025
Homeराज्‍यमध्यप्रदेशइज्तिमा में 10 लाख लोगों ने एक साथ की दुआ

इज्तिमा में 10 लाख लोगों ने एक साथ की दुआ

भोपाल   राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी में चल रहे इज्तिमा में 5 हजार जमातों ने शिरकत की। यहां 10 लाख से ज्यादा लोग जुटे। इज्तिमा खत्म होने के बाद लाखों की भीड़ रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड की ओर रवाना हुई। इसके चलते ट्रैफिक व्यवस्था बदली हुई है। खासकर पुराने शहर के इलाकों में भारी वाहनों की एंट्री नहीं है। 18 नवंबर से इज्तिमा शुरू हुआ था। पहले दिन एक हजार जमातें आईं, लेकिन 2 दिन में यह संख्या बढ़कर 5 हजार तक पहुंच गई। 300 एकड़ एरिया में बने बड़े पंडाल में जमातें रुकीं। दुआ ए खास के साथ ही सोमवार को इज्तिमे का समापन हो गया। सुबह 9.28 बजे मौलाना साद ने दुआ की, तो लाखों हाथ एक साथ उठे। 29 मिनट तक दुआ हुई। इस दौरान इतने बड़े मजमे में सिर्फ मौलाना साद और उनके पीछे आमीन कहने वालों की आवाजें आ रही थीं। दुआ से पहले सुबह 9.21 बजे तक मौलाना साद ने तकरीर की। उन्होंने कहा- आज इंसान ने अपनी जरूरत को दुनिया के आसपास महदूद (सीमित) कर लिया है। जबकि, असल जिंदगी आखिरत के लिए तैयारी करने की है, उसे फिक्र नहीं है। जमातों में निकलकर तब्लीग के जरिए लोगों को असल जिंदगी की मेहनत के लिए ही बताया जा रहा है।

ये दुआ हुई…

ऐ अल्लाह, सारी दुनिया को इल्म के नूर से रौशन कर दे। सारी कायनात में अमन, सुकून, भाईचारे की हवाएं चला दे। इस शहर, सूबे, मुल्क को कामयाबी, तरक्की की बुलंदियां बख्श दे। दुनिया के हर इंसान को सच्चाई, ईमानदारी और हक पर चलने की आसानी फरमा दे। इज्तिमा में शिरकत करने वालों, इसके इंतजाम करने वालों, इसकी तैयारी में मदद करने वालों की तमाम जायजा हाजतों को पूरा कर दे। सारे आलम में आ रही तबाहियों से तमाम लोगों की हिफाजत फरमा।

दुआ ए खैर …कोई पहुंचा रात से, किसी ने लगाई सुबह से दौड़

73वें आलमी तबलीगी इज्तिमा के आखिरी दिन सोमवार को होने वाली दुआ ए खास में शामिल होने के लिए शहर की दौड़ ईंट खेड़ी स्थित इज्तिमागाह की तरफ लग गई। बड़ी तादाद में लोग रविवार रात से ही पहुंच गए थे। जबकि, बाकी सुबह फजर की नमाज के बाद पहुंचे।

दिखी गंगा-जमुनी तहजीब

दुआ के बाद घरों के लिए रवाना हुए लोगों को रास्ते की परेशानियों से बचाने के लिए इस्लाम नगर, सेमरा सैयद, गोलखेडी, लाम्बाखेडा आदि ग्रामों के लोगों ने व्यवस्थाएं की थीं। पीने का पानी, चाय के अलावा गैर मुस्लिम भी ट्रैफिक इंतजाम भी संभाल रहे हैं। हिंदू समाज के लोगों ने इज्तिमा की पार्किंग के लिए भी अपने खेतों में जगह उपलब्ध कराई है। इसके अलावा इज्तिमागाह पर तैयार किए गए अस्थाई सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को तैयार करने के लिए बिछाई गई लाइन के लिए भी कई हिंदू समाज के लोगों ने अपने खेतों से पाइप लाइन गुजारने की जगह दी है।

Capture 13

बड़ा चार्जिंग पॉइंट बनाया

इज्तिमे में नगर निगम की फायर टीम 24 घंटे अलर्ट मोड पर रही। फायर एक्सपर्ट साजिद खान की मौजूदगी में 40 कर्मचारियों का स्टाफ जुटा रहा। फायर एक्सपर्ट खान ने बताया कि इज्तिमा में बाहर से लोग शामिल हुए। ऐसे में उन्हें मोबाइल चार्ज करने के इंतजाम नहीं मिल पाते, इसलिए बड़ा चार्जिंग पाॅइंट बनाया गया। इसमें एक साथ 100 मोबाइल चार्ज हो सकते हैं। वहीं, इमरजेंसी लाइट, 50 अग्निशामक यंत्र, 6 फायर ब्रिगेड, 6 बुलेट फायर, पंप, जनरेटर और गाड़ियों के पंक्चर सुधारने के लिए भी इंतजाम किए गए।

RELATED ARTICLES

Contact Us

Owner Name:

Deepak Birla

Mobile No: 9200444449
Email Id: pradeshlive@gmail.com
Address: Flat No.611, Gharonda Hights, Gopal Nagar, Khajuri Road Bhopal

Most Popular

Recent Comments

Join Whatsapp Group
Join Our Whatsapp Group