भोपाल : राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में एक छात्रा के साथ पहचान छिपाकर यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता एक निजी विश्वविद्यालय की छात्रा है और उसने आरोप लगाया है कि आरोपी ने अपना नाम बदलकर उससे संबंध बनाए और लंबे समय तक उसका शोषण किया।
पीड़िता के अनुसार, मुख्य आरोपी आसिफ रज़ा ने खुद को आशीष पांडे बताकर उससे दोस्ती की। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और करीब डेढ़ साल तक शारीरिक संबंध रहे। युवती ने इस दौरान आरोपी के दो अन्य साथियों पर भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
युवती ने लगाया लव जिहाद का आरोप
भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में एक निजी यूनिवर्सिटी की छात्रा ने आरोप लगाया है कि आसिफ रजा नाम के युवक ने हिंदू नाम का इस्तेमाल कर उसके साथ विश्वासघात किया। इसे लेकर उसने पुलिस में एफआईआर दर्द कराई है। उसका आरोप है कि आसिफ रजा नामक युवक ने खुद को आशीष पांडे बताकर उससे दोस्ती की, प्रेम संबंध बनाए और करीब डेढ़ साल तक शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार, आरोपी के दो अन्य दोस्त भी इस दौरान उसे मानसिक रुप से प्रताड़ित करते रहे। पीड़िता का कहना है कि जब वो गर्भवती हो गई तो आरोपियों ने उसपर गर्भपात का दबाव बनाया। उसके मना करने पर आसिफ ने अपनी असली पहचान उजागर कर दी और उसपर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने लगा। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उसे लगातार धमकियां दी गई।
आरोपी फरार, पुलिस ने कहा जल्द होगी गिरफ्तारी
पीड़िता ने लगभग एक महीने पहले इस मामले की महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है और इसे लेकर पीड़िता ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। वहीं, इस मामले पर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में दो आरोपी बिहार के हैं और एक मध्यप्रदेश का रहने वाला है। उन्होंने कहा है कि मुख्य आरोपी फरार है लेकिन जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






