भोपाल: मोहन सरकार ने 13 महीने के कार्यकाल में करीब 42 तबादला आदेश जारी कर 277 आईएएस अफसरों की जिम्मेदारी बदल दी। इसके बाद भी प्रशासनिक सर्जरी अभी बाकी है। तबादले होने वाले अफसरों में करीब 5 फीसदी ऐसे हैं, जिनकी जिम्मेदारी दो से चार बार बदली जा चुकी है। कुछ पर तबादले की तलवार अभी भी लटकी हुई है। सबसे ज्यादा 186 अफसरों का तबादला 10 महीने तक मुख्य सचिव रहीं वीरा राणा के कार्यकाल में हुआ था, जबकि मौजूदा मुख्य सचिव के चार महीने के कार्यकाल में 91 का तबादला हुआ।
बता दें कि मध्य प्रदेश आईएएस कैडर में अभी 379 अफसर हैं। इनमें से करीब 45 केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं और 334 कार्यरत हैं। इनमें से तबादले भी किए गए हैं। हालांकि एक साल पहले यह संख्या ज्यादा थी, जो रिटायरमेंट के चलते कम होती जा रही है। जनवरी 2024 में उन्हें गृह से नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया, साथ ही जल संसाधन व अन्य की जिम्मेदारी भी दी गई। जून 2024 में उन्हें मुख्यमंत्री का एसीएस बनाया गया। वे अंत तक सीएस की दौड़ में प्रभावी रूप से बने रहे। अब उन्हें सीएम का सबसे करीबी माना जाता है। बताया जाता है कि पिछली सरकारों में भी डॉ. राजौरा मुख्यमंत्रियों की गुड लिस्ट में रहे।
पीएस संजय शुक्ला की जिम्मेदारी बार-बार बदली
जून 2024 में उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रमुख सचिव बनाया गया। इससे पहले उन्हें जनवरी 2024 में प्रमुख सचिव पीएचई से प्रमुख सचिव राज्यपाल, मार्च 2024 में प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास की जिम्मेदारी दी गई। नवंबर 2024 में नगरीय विकास एवं आवास विभाग भेजा गया। इस दौरान अन्य जिम्मेदारियां भी दी गईं। माना जा रहा है कि शुक्ला की जिम्मेदारी बार-बार बदली गई।
एसीएस संजय दुबे को गृह से वापस बुलाया गया
वे लंबे समय तक ऊर्जा विभाग में प्रमुख सचिव रहे। जनवरी 2024 में उन्हें गृह भेजा गया, जहां से अगस्त 2024 में हटाकर जीएडी की जिम्मेदारी दी गई। उन्हें अन्य विभागों का प्रभार भी दिया गया। मोहन सरकार ने उन्हें गृह विभाग में लंबी पारी नहीं खेलने दी।
केंद्र में रहे कन्याल के चार तबादले
जनवरी 2024 में किशोर कन्याल को शाजापुर कलेक्टर से हटाकर मप्र शासन में उप सचिव बनाया गया। इसी महीने उन्हें उप सचिव मप्र शासन से उप सचिव वन बनाकर भेजा गया, अक्टूबर 2024 में उन्हें श्योपुर कलेक्टर बनाया गया, जनवरी 2025 में उन्हें श्योपुर से हटाकर गुना कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई। मोहन सरकार में कन्याल के ताबड़तोड़ तबादले होते रहे, जबकि कई आईएएस प्रतीक्षा में रहे।
ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ एसीएस मनु श्रीवास्तव लूप लाइन में
जनवरी 2024 में उन्हें तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास से ऊर्जा में भेजा गया, नवंबर 2024 में उन्हें यहां से हटाकर अक्षय ऊर्जा विभाग उनके पास ही रह गया। इसके साथ ही उन्हें खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी दी गई, जबकि वे ऊर्जा क्षेत्र के अनुभवी अधिकारी माने जाते हैं।
कंसोटिया की वापसी
शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री रहते हुए अक्टूबर 2022 में उन्हें पशुपालन एवं डेयरी से वन विभाग में भेज दिया। मोहन सरकार ने सीएस राणा के समय उन्हें मंत्रालय से हटाकर जून 2024 में प्रशासन अकादमी में भेज दिया। सूत्रों के अनुसार सीएस अनुराग जैन ने जनवरी 2025 में उन्हें गृह विभाग का प्रशासनिक मुखिया बना दिया।