कांग्रेस हिमालय में जाकर तपस्या करे, नर्मदापुरम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा की खरीखरी

0
7

नर्मदापुरम: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में शनिवार को केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर बीजेपी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और भोपाल से सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा तैयार किए गए बजट से देश को नई प्रगती मिलेगी. इस दौरान उन्होंने संसद के संचालन में बाधा डालने को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस को हिमालय जाकर तपस्या करनी चाहिए.

 

कांग्रेस पार्टी हताशा और निराशा से गुजर रही

संसद के घटनाक्रम पर भोपाल सांसद ने कहा, "कांग्रेस पूरी तरह से टूट चुकी है. वह हताश और निराशा से गुजर रही है. एक विपक्ष की भूमिका देश की जनता ने कांग्रेस पार्टी को दी है. कांग्रेस के नेता को संसद में अपनी जिम्मेदारी को किस प्रकार से निभाना चाहिए, वह नेता प्रतिपक्ष नहीं कर पा रहे हैं. वह ऊटपटांग आरोप लगा रहे हैं और सस्ती लोकप्रियता अर्जित करना चाहते हैं. देश के प्रधानमंत्री को सदन के अंदर नहीं बोलने देना, इससे लोगों में अच्छा संदेश नहीं गया है."

 

राजनीति से संन्यास लेकर हिमालय में तपस्या करने की सलाह

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा, " कांग्रेस की महिला सांसद को प्रधानमंत्री के कुर्सी तक लाने को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ने चिंता प्रकट की है. मैं उसको रिपीट करना नहीं करना चाहता हूं, मुझे लगता है कांग्रेस चारों तरफ से टूट रही है और निराशा के अंदर भटक रही है. कुछ दिन के लिए इन लोगों को राजनीति से संन्यास लेकर हिमालय की कंदराओं में पहाड़ियों में तपस्या करना चाहिए."

 

बदनाम करने वालों को नहीं किया जाएगा बर्दाश्त

ओटीटी फिल्म घूसखोर पंडित के टाइटल को लेकर भी भोपाल सांसद ने निशाना साधा. उन्होंने कहा, "मैं खुद ब्राह्मण कुल में पैदा हुआ हूं. इसको ब्राह्मण समाज बर्दाश्त नहीं करेगा. इस पर लीगल एक्सपर्ट की एक टीम काम कर रही है और जो लोग भी ब्राह्मण समाज को बदनाम करने का काम कर रहे हैं उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."

 

मुकदमा दर्ज कराने में जुटी लीगल एक्सपर्ट टीम

उन्होंने आगे कहा कि "सारा ब्राह्मण समाज एकजुट है. ब्राह्मण समाज संपूर्ण समाज को लेकर कार्य करता है और सनातन को जोड़ने की बात करता है. जो लोग भी ब्राह्मण का अपमान कर रहे हैं उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हर स्तर पर इसका विरोध किया जाएगा. भोपाल में हमारी पूरी लीगल एक्सपर्ट टीम अध्ययन कर रहे है. इनके ऊपर मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा और उनकी जगह थाना नहीं जेल में होगी. कानून के दायरे में लाकर जेल भी भेजने का काम मैं स्वयं करूंगा."