इंदौर में अवैध गोदाम पर छापा: 66 गैस सिलेंडर जब्त, आरोपी फरार

0
5

इंदौर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। खाद्य विभाग की टीम ने तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध गैस गोदाम का पर्दाफाश किया। यह छापेमारी न्यू लोहा मंडी इलाके में स्थित हरिओम गुप्ता के ठिकाने पर की गई। गोडाउन में सिलेंडरों में गैस बदलने का काम होता था। 

टीम ने सुबह करीब 6 बजे दबिश दी। गोडाउन में मुख्य आरोपी था, लेकिन वह टीम को देखकर पीछे के रास्ते से भाग गया। मौके से 42 घरेलू और 24 कमर्शियल सिलेंडर बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि यहाँ बड़े पैमाने पर गैस रिफिलिंग का खेल चल रहा था। टीम ने मौके से गैस भरने वाली तीन इलेक्ट्रिक मोटर और दो तौल कांटे भी जब्त किए हैं।

हैरानी की बात यह रही कि सिलेंडर लाने-ले जाने के लिए एक बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसे टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी चकमा देकर भागने में सफल रहा। फिलहाल गोदाम को सील कर दिया गया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।

 

गैस सिलेंडरों की किल्लत दूर करने और कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने एक कंट्रोल रूम भी बनाया है। अब उपभोक्ता गैस से जुड़ी किसी भी शिकायत या परेशानी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0731-2993900 पर फोन कर सकते हैं।

इस व्यवस्था की निगरानी के लिए सहायक आपूर्ति अधिकारी कल्पना परामानिक और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सवेसिंह गामड़ के साथ ही अंकित नागर, रोहित बर्मन, महेश जगताप और अब्दुल समद की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन का दावा है कि इस कदम से आम लोगों को आसानी से गैस उपलब्ध होगी और अवैध कारोबार पर लगाम लगेगी।