भोपाल। भोपाल लेपर्ड्स ने आगामी मध्य प्रदेश लीग (MPL) – सिंधिया कप 2026, जो जून 2026 में इंदौर में आयोजित होगा, इसके लिए मोहम्मद अरशद खान को टीम के कप्तान के रूप में बरकरार रखा गया है. मोहम्मद अरशद खान, जो वर्तमान में आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स का हिस्सा हैं. इन्होंने भोपाल लेपर्ड्स के साथ तीन वर्ष का अनुबंध किया है. यह निर्णय फ्रेंचाइजी की नेतृत्व में निरंतरता और टीम की स्थिरता के प्रति दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है. उनकी कप्तानी में टीम ने हालिया सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक मजबूत प्रतिस्पर्धी संस्कृति स्थापित की है।
डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में रूप में उतरेगी भोपाल लेपर्ड्स
भोपाल लेपर्ड्स इस सीजन में MPL सिंधिया कप के डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में प्रवेश कर रही है और लीग की सबसे निरंतर एवं पेशेवर फ्रेंचाइजियों में से एक के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है. अरशद के नेतृत्व में टीम ने दृढ़ता, रणनीतिक अनुशासन और विजयी मानसिकता का प्रदर्शन किया है, जिसे प्रबंधन आगामी संस्करण में भी जारी रखने को लेकर आश्वस्त है।
‘हम अरशद के साथ अपनी साझेदारी से बेहद खुश हैं’
वहीं भोपाल लेपर्ड्स के मालिक अभिषेक मोहन गुप्ता ने कहा, ‘हम अरशद के साथ अपनी साझेदारी को लंबे समय तक जारी रखते हुए बेहद खुश हैं. वह उन मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिन पर हम इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाना चाहते हैं. प्रतिबद्धता, अनुशासन और विश्वास. राष्ट्रीय स्तर पर एक खिलाड़ी के रूप में उनका विकास और टीम के भीतर उनका नेतृत्व उन्हें इस सीजन में हमारे खिताब की रक्षा के लिए सबसे उपयुक्त कप्तान बनाता है. हमारा लक्ष्य एक विरासत बनाने वाली फ्रेंचाइजी तैयार करना है और नेतृत्व में निरंतरता इस यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।’
‘भोपाल लेपर्ड्स का प्रतिनिधित्व करना हमेशा गर्व की बात’
वहीं मोहम्मद अरशद खान खान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘भोपाल लेपर्ड्स का प्रतिनिधित्व करना हमेशा गर्व की बात होती है. फ्रेंचाइजी ने मुझ परविश्वास दिखाया है, उसके लिए मैं आभारी हूं. पिछले सीजन में चैंपियन बनना बेहद खास था, लेकिन अब हमारा ध्यान निरंतर प्रदर्शन बनाए रखने और अपने स्तर को और ऊंचा करने पर है. मध्य प्रदेश के प्रशंसकों का समर्थन हमें हर बार मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करता है। बता दें भोपाल लेपर्ड्स मध्य प्रदेश लीग (MPL) सिंधिया कप की एक प्रमुख फ्रेंचाइजी है, जो भोपाल शहर का प्रतिनिधित्व करती है. टीम का स्वामित्व HMG सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस के पास है, जिसका नेतृत्व अभिषेक मोहन गुप्ता करते हैं. यह संस्था खेल प्रतिभाओं को निखारने और उच्च प्रदर्शन आधारित खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है. फ्रेंचाइजी उत्कृष्टता, युवा विकास और क्षेत्र में मजबूत खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्य करती है।









