धार्मिक यात्रा में बदल गया मातम, वैष्णोदेवी में हादसे का शिकार हुए मंदसौर के श्रद्धालु, गांव में पसरा सन्नाटा

0
9

मंदसौरः मल्हारगढ़ विधानसभा के छोटे से गांव भीलखेड़ी में बुधवार से मातम पसरा है। माता वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए गांव से श्रद्धालु रवाना हुए थे। लेकिन जम्मू के कटरा मार्ग पर हुए भूस्खलन हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं। इस त्रासदी में फकीरचंद (50) और रतनबाई (65) की मौत हो गई। वहीं, सोहनबाई (47), देवीलाल (45) और ममता (30) गंभीर रूप से घायल हैं। इसके साथ ही परमानंद (29) और अर्जन (28) अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इस हृदय विदारक घटना की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है। दरअसल, 23 अगस्त को भीलखेड़ी से सात श्रद्धालु पिपलिया स्टेशन से माता वैष्णो देवी की यात्रा पर रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान मंगलवार दोपहर कटरा के पास अर्धकुमारी क्षेत्र में भारी बारिश के चलते पहाड़ी खिसक गई। हादसे में कई श्रद्धालु मलबे में दब गए। हृदय विदारक घटना में 32 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 लोगों के घायल होने की सूचना है।

गांव में पसरा मातम

गांव के निवासी और मल्हारगढ़ जनपद सदस्य अर्जुन गुर्जर ने बताया खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। रिश्तेदार और ग्रामीण शोकाकुल परिवारों के घर पहुंचने लगे। हर आंख नम हो उठी। घायलों और मृतकों के रिश्तेदार यहां से जम्मू के लिए रवाना हो चुके हैं। इधर प्रशासन द्वारा जारी जानकारी में फकीरचंद और रतनबाई की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, सोहनबाई, देवीलाल और ममता घायल बताए जा रहे हैं। इनका कटरा के अस्पताल में इलाज जारी है। परमानंद और अर्जुन का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

सकुशल लौटने की कर रहे प्रार्थना

पीड़ित परिजन बताते हैं कि यात्रा में जाने वाले सभी लोग बहुत उत्साहित थे। घर से बड़े हर्षोल्लास के साथ रवाना हुए थे। पूरे गांव ने उन्हें माता के दर्शन कर लौटने की शुभकामनाएं दी थीं। शुरुआत में परिजन लगातार फोन पर यात्रियों से संपर्क में बने रहे। लेकिन मंगलवार को अचानक मोबाइल से संपर्क टूट गया। शाम को सूचना मिली कि अर्धकुमारी के पास भूस्खलन हुआ है। इसमें कई श्रद्धालु दब गए। भीलखेड़ी गांव में अब हर घर से यही आवाज उठ रही है कि लापता श्रद्धालु सकुशल लौट आए।

डेप्युटी सीएम ने घटना पर दुःख जताया

क्षेत्र के विधायक और प्रदेश के डेप्युटी सीएम जगदीश देवड़ा ने घटना पर दुःख जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि वैष्णोदेवी मंदिर मार्ग पर हुए भूस्खलन हादसे में हमारी मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भीलखेड़ी के दर्शनार्थियों के हताहत होने की जानकारी प्राप्त हुई है। ग्राम भीलखेड़ी से गुर्जर समाज के तीर्थयात्री माता वैष्णोदेवी के दर्शनों हेतु ट्रेन से 23 अगस्त को रवाना हुए थे। इनमें तीन यात्रियों की दुःखद मृत्यु का समाचार प्राप्त हुआ है। दो-तीन यात्री घायल हैं और एक दो अब भी लापता हैं। डेप्युटी सीएम ने आगे लिखा कि हादसा दुःखद है और परिवारजन पर वज्रपात है। मैं दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं लापता यात्रियों के सकुशल मिलने की प्रार्थना माता वैष्णोदेवी से करता हूं। घटना को लेकर मेरी मंदसौर जिला कलेक्टर और जम्मू कश्मीर प्रशासन से चर्चा हुई है। हम हरसंभव मदद के लिए तत्पर हैं।

किसान नेता ने प्रशासन से की मांग

मल्हारगढ़ विधानसभा के किसान नेता श्यामलाल जोकचन्द ने भी सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त किया है। साथ ही कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन से लगातार संपर्क किया जा रहा है। कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार से बातचीत कर लापता यात्रियों की सकुशल वापसी और राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।