इतिहास रचने को तैयार नया विधानसभा भवन, जानिए इसके निर्माण से जुड़े अहम पहलू

0
9

रायपुर : प्रदेश को एक नवंबर को राज्योत्सव के अवसर पर नया विधानसभा भवन मिलेगा। नवा रायपुर में भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। प्रदेश की 90 सीट वाली विधानसभा में अब 200 विधायकों के लिए बैठने की जगह होगी। भविष्य की आवश्यकताओं को भांपते हुए विधानसभा भवन में बैठने की क्षमता को बढ़ा दिया गया है। इसके साथ-साथ 500 दर्शकों की क्षमता वाले अत्याधुनिक आडिटोरियम का भी निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को निर्धारित समयसीमा सितंबर तक हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि राज्योत्सव के अवसर पर लोगों को समर्पित किया जा सके।

52 एकड़ में हो रहा निर्माण
52 एकड़ क्षेत्रफल में निर्माणाधीन विधानसभा में आधुनिक तकनीकी विशेषताओं और सांस्कृतिक सौंदर्य से युक्त एक भव्य परिसर बनाया जा रहा है। परिसर में 700 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। डेढ़-डे़ढ एकड़ में दो सरोवर विकसित किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अजय जामवाल, पवन साय, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के सचिव डा. कमलप्रीत सिंह, प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी आदि उपस्थित थे।

भवन में तीन प्रमुख विंग का निर्माण
नवीन विधानसभा भवन में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं का समुचित समावेश किया गया है। भवन में तीन प्रमुख विंग निर्मित किए जा रहे हैं। विंग-ए में विधानसभा सचिवालय, विंग-बी में मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय सहित विधानसभा सदन व सेंट्रल हाल और विंग-सी में उपमुख्यमंत्रियों व अन्य मंत्रियों के कार्यालय स्थित होंगे।

पीएम मोदी को आमंत्रित किया है- CM
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि रजत जयंती वर्ष पर राज्य को एक नया, भव्य विधानसभा भवन प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राज्योत्सव कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है। उनके करकमलों से नये भवन का लोकार्पण प्रस्तावित है।

इसके अलवा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा, ' नये विधानसभा भवन का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। विधानसभा सदन, अध्यक्ष व मुख्यमंत्री के कक्ष समेत पूरे परिसर के निर्माण की प्रगति का निरीक्षण किया गया। निर्धारित समय पर नेय भवन का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।'

नया विधानसभा भवन लेकर राज्य के उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नया विधानसभा भवन केवल एक शासकीय संरचना नहीं बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक भव्यता व वैभव का प्रतीक बनेगा। देशभर में अपनी विशिष्ट स्थापत्य शैली और उन्नत सुविधाओं के कारण एक मिसाल के रूप में स्थापित होगा।