वाराणसी में तीन लोगों की मौत से मचा हड़कंप

0
4

वाराणसी।रामनगर थाना क्षेत्र के भीटी चौकी अंतर्गत विश्व सुंदरी गंगा पुल पर बुधवार देर शाम हुए सड़क हादसे में मठना, जमालपुर जिला मिर्जापुर निवासी कार्तिक (9) की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पिता अजय नारायण पाठक व दादी विभा घायल हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ ही दोनों घायलों को ट्रांमा सेंटर में भर्ती कराया। हादसा उस वक्त हुआ जब सभी बुलेट से लंका की ओर जा रहे थे।बताया जाता हैं कि तेज गति से आयी अज्ञात वाहन ने बुलट में जोरदार धक्का मार दिया बुलट सवार बालक सड़क की ओर जबकि दादी व पिता किनारे की तरफ गिर पड़े।सड़क की तरफ गिरे बालक को वाहन कुचलते हुए लंका की ओर भाग निकला।थानाध्यक्ष राजकिशोर पाण्डेय ने बताया कि घायलों को ट्रांमा सेंटर में भर्ती कराया गया।सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही हैं।

ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार सिंचाई विभाग के जिलेदार की मौत

रामनगर थाना क्षेत्र के विश्वसुंदरी गंगा पुल पर बुधवार की देर शाम ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार चंदौली के चकिया स्थित सिंचाई विभाग में जिलेदार संतोष सोनकर (48) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल स्थित मोर्च्यूरी में रखवाया।मिर्जापुर के अहरौरा नईबाजार निवासी संतोष कुमार सोनकर चंदौली के चकिया स्थित सिंचाई विभाग में जिलेदार के पद पर कार्यरत थे। वे लोहता स्थित शिवनगर कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। देर शाम ड्यूटी खत्म कर वे स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे विश्वसुंदरी पुल पर पहुंचे, पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलते हुए डाफी की ओर फरार हो गया। पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी नीता सोनकर सहित परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि ट्रक की पहचान कराई जा रही है।

पंचगंगा घाट पर दोस्तों के साथ नहाने आए पर्यटक की डूबने से मौत

पंचगंगा घाट पर बुधवार सुबह स्नान के दौरान श्याम कुमार (45) की डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ नहाने आए श्याम का शव एनडीआरएफ ने बरामद किया। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिहार के रोहतास निवासी श्याम कुमार अपने दोस्तों के साथ पंचगंगा घाट पर सुबह स्नान करने पहुंचे थे। इस दौरान उनके दोस्त घाट पर ही मौजूद रहे और श्याम सीढ़ियों से उतरकर गहरे पानी में चले गए।दोस्त को अचानक डूबता देख साथियों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक श्याम गंगा में समा गए। साथियों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने कुछ देर बाद श्याम का शव बाहर निकाला। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दोस्तों ने पुलिस को बताया कि सभी काशी दर्शन के लिए आए थे।

यूपी कॉलेज: छात्रों से अभद्रता मामले में रामनगर थाना प्रभारी लाइन हाजिर

यूपी कॉलेज छात्र हत्याकांड के दौरान धरनारत छात्रों से अभद्रता के मामले में रामनगर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। रामनगर थाने की कमान जल पुलिस प्रभारी राजकिशोर पांडेय को सौंपी गई है। अभद्रता से आहत नाराज छात्रों ने थाना प्रभारी दुर्गा सिंह पर कार्रवाई की मांग की थी। एडीसीपी वरुणा को छात्रों ने कॉलेज परिसर में पत्रक भी सौंपा था। उधर, रामनगर थाना क्षेत्र में फरियादियों से भी दुर्व्यवहार की शिकायतें आम थीं।यूपी कॉलेज के बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की 20 मार्च की सुबह यूपी कॉलेज के सामाजिक विज्ञान संकाय में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी समेत अन्य मांगों को लेकर छात्र आंदोलित थे। छात्रों का आरोप था कि विशेष ड्यूटी के दौरान रामनगर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने अभद्रता की।उनका कहना था कि जब छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार है, तो आम जनता के साथ कैसा बर्ताव होता होगा। नाराज छात्रों ने पुलिस उच्चाधिकारियों से मौके पर ही शिकायत की और पत्रक भी सौंपा। एडीसीपी और एडीएम सिटी ने छात्रों को समझाया। डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि प्रशासनिक आधार पर थाना प्रभारी के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।

पांच लाख का सूखा मेवा लेकर ट्रांसपोर्ट कर्मी लापता

गोला दीनानाथ मंडी में सूखे मेवे का कारोबार करने वाले दुर्गा केजरीवाल ने कोतवाली थाने में पांच लाख रुपये का मेवा लेकर लापता होने वाले ट्रांसपोर्ट कर्मी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। लंका निवासी व्यापारी दुर्गा केजरीवाल के अनुसार, 19 मार्च को उन्होंने लहरतारा स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी इरशाद को दिल्ली भेजने के लिए आठ बंडल सूखा मेवा सौंपा था।माल के साथ जीएसटी और ई-वे बिल भी दिया गया था, लेकिन सात दिन बीत जाने के बाद भी माल दिल्ली नहीं पहुंचा, जिससे उन्हें चिंता हुई। ट्रांसपोर्ट कंपनी में जानकारी लेने पर पता चला कि संबंधित कर्मचारी इरशाद को करीब 10 दिन पहले ही गलत गतिविधियों के कारण नौकरी से निकाला जा चुका था। इसके बाद जब व्यापारी इरशाद के किराए के घर पहुंचे, तो कमरा बंद मिला। उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है। थाना प्रभारी दया शंकर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।

पति समेत ससुराल के छह सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज

विवाहिता ने पति समेत ससुराल के छह सदस्यों के खिलाफ फूलपुर थाने में दहेज उत्पीड़न के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। भरथरा खटौरा निवासी पीड़िता सविता पटेल ने बताया कि पति हेमंत पटेल, ससुर रामकेश पटेल, जेठ मुकुंद पटेल, जेठानी दुर्गावती (निवासी विधमउवा, थाना नेवढिया, जौनपुर) और ननद प्रमिला पटेल, जीजा सूबेदार पटेल उसे प्रताड़ित करते हैं। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एडीसीपी के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

मिशन शक्ति: 514 वाहनों का चालान, 27 वाहन सीज, तीन गिरफ्तार

मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत बुधवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक 255 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। तीनों जोन में थाना प्रभारियों ने 476 स्थानों और पीआरवी द्वारा 494 स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग करते हुए 6,868 व्यक्तियों को चेक किया गया। 419 स्थानों पर चेकिंग के दौरान 3,299 वाहनों की जांच कर 514 वाहनों का चालान किया गया और 27 वाहनों को सीज किया गया, जबकि तीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई।एंटी रोमियो स्क्वाड ने 508 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 6,329 व्यक्तियों की जांच की, 1,714 लोगों को कठोर चेतावनी दी गई, 51 आरोपियों को पाबंद किया गया और 58 व्यक्तियों के खिलाफ अन्य कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) नम्रता श्रीवास्तव ने बताया कि 29 थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों पर अब तक 249 जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 6,115 महिलाओं व बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।संवेदनशील हॉटस्पॉट पर पुलिस की फुट पेट्रोलिंग की गई। महिला सुरक्षा से संबंधित 20 स्थानों पर डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से 44 लघु फिल्में दिखाई गईं। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित काली माता मंदिर परिसर में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को जागरूक किया। महिला पुलिसकर्मियों ने मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका समझाते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 181 आदि की जानकारी दी।साथ ही महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। उधर, बड़ागांव थाना क्षेत्र के खरावन गांव में महिलाओं एवं बालिकाओं को समाज में बढ़ रहे अपराधों के प्रति सतर्क रहने और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जागरूक किया गया।

काल भैरव चौकी इंचार्ज समेत तीन दरोगा का बदला कार्यक्षेत्र

डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बुधवार को कालभैरव मंदिर चौकी इंचार्ज समेत तीन उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। कालभैरव चौकी इंचार्ज मनोज कुमार पांडेय को जैतपुरा थाने, लंका थाने के उप निरीक्षक अभय नारायण सिंह को कालभैरव मंदिर चौकी इंचार्ज और लंका थाने के एसआई आदित्य सिंह को सुंदरपुर चौकी इंचार्ज बनाया गया है।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को पॉक्सो मामले में मिली अग्रिम जमानत, मठ में मना जश्न

पॉक्सो मामले में उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिलने के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के अस्सी स्थित श्री विद्या मठ में उत्साह का माहौल देखा गया। बुधवार को जैसे ही जमानत की खबर मठ पहुंची, वहां मौजूद बटुकों और शिष्यों के चेहरे खिल उठे। प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बटुकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और इसे सत्य की जीत बताया। न्यायिक फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि कभी-कभी ऐसा प्रतीत होता है कि कानून एक जाल की तरह है, जिसे कुछ प्रभावशाली लोग अपने नियंत्रण में रखते हैं और जब चाहें किसी को उसमें फंसा देते हैं। उन्होंने आगे संकेत दिया कि न्याय प्रक्रिया का उपयोग कभी-कभी व्यक्तिगत या राजनीतिक उद्देश्यों के लिए भी किया जाता है।

आदमपुर थाने के सामने स्ट्रीट लाइट का पोल गिरा, स्कूटी व ठेला क्षतिग्रस्त

आदमपुर थाना के ठीक सामने बुधवार की रात अचानक स्ट्रीट लाइट का पोल गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक स्कूटी और ठेला दबकर क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। रात 10 बजे के करीब दुकानदार राजेश जायसवाल स्कूटी से अपने घर शैलपुत्री की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोनिया निवासी अंडा-पान मसाला विक्रेता राजकुमार भी मौजूद थे। बाल-बाल बच गए। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बिजली विभाग को सूचित कर आपूर्ति बंद कराई।

वाराणसी से होकर चलेगी नई दिल्ली-कटिहार स्पेशल ट्रेन

रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए 04074/04073 नई दिल्ली-कटिहार-नई दिल्ली विशेष ट्रेन का संचालन 27 और 28 मार्च को किया गया है। यह ट्रेन वाराणसी से होकर गुजरेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 04074 नई दिल्ली-कटिहार विशेष गाड़ी 27 मार्च को नई दिल्ली से दोपहर 1.45 बजे प्रस्थान कर टुण्डला शाम 6 बजे, गोविन्दपुरी होते हुए दूसरे दिन प्रयागराज जंक्शन पर सुबह 3.10 बजे, ज्ञानपुर होते हुए वाराणसी जंक्शन पर सुबह 6.10 बजे पहुंचेगी।यहां से कई स्टेशन होकर शाम 7.30 बजे कटिहार पहुंचेगी। वापसी में 04073 कटिहार-नई दिल्ली विशेष गाड़ी 28 मार्च को कटिहार से रात 9.30 बजे चलकरदूसरे दिन वाराणसी स्टेशन पर दोपहर 1.10 बजे आएगी। यहां से प्रयागराज, टुंडला होते हुए नई दिल्ली में तीसरे दिन सुबह 4.50 बजे पहुंचेगी।

पाल बस्ती के पास कूड़ा घर के विरोध में फूटा जनाक्रोश, धरना प्रदर्शन कर दी चेतावनी

चितईपुर-चुनार रोड स्थित संत नगर बरईपुर, पाल बस्ती के समीप नगर निगम की ओर से कूड़ाघर का निर्माण होना है। इसके विरोध में बुधवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। लगभग 8 बिस्वा भूमि पर प्रस्तावित इस योजना के खिलाफ क्षेत्रीय लोगों ने सामूहिक धरना-प्रदर्शन कर निगम के निर्णय पर कड़ा विरोध जताया।नगर निगम ने पूर्व में इसी क्षेत्र में किसी अन्य स्थान पर कूड़ा घर बनाने का प्रस्ताव रखा गया था लेकिन वहां स्थानीय लोगों के विरोध के चलते योजना को स्थानांतरित कर पाल बस्ती के समीप कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद अब यहां के निवासी भी विरोध में उतर आए हैं। लोगों ने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते कूड़ा घर बनाने का प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया तो यह आंदोलन और व्यापक रूप लेगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रदीप वर्मा, मुन्नालाल, रोशन, राहुल पाल, संतोष पाल, एस.के. त्रिपाठी मौजूद रहे। 

बीएचयू गोलीकांड के दो फरार आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर के बिरला छात्रावास के पास छात्र रोशन मिश्रा पर फायरिंग की घटना में फरार चल रहे दो आरोपियों को अदालत से राहत नहीं मिली। अपर सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने सुनवाई के बाद आरोपी अभिषेक उपाध्याय और क्षितिज उपाध्याय की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी।फायरिंग की घटना में शामिल मुख्य आरोपी पीयूष तिवारी, ऋषभ राय और तपस राय को पुलिस पटना से गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि फरार चल रहे दोनों आरोपी अभिषेक उपाध्याय और क्षितिज उपाध्याय की तलाश जारी है। दोनों को घटना का साजिशकर्ता बताया गया है और वे नामजद हैं। दोनों फरार आरोपितों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी, जिस पर सुनवाई के बाद अदालत ने राहत देने से इनकार करते हुए अर्जी खारिज कर दी।

कांग्रेस ने जारी किया पोस्टर

यूपी में भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर कांग्रेस ने बुधवार को पोस्टर जारी किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश का बंटाधार कर दिया है। कफ सिरप कांड के आरोपी धन के बल पर मनमानी कर रहे हैं। भाजपा नेतृत्व राष्ट्रवाद व हिंदुत्ववाद का झुनझुना दिखा कर जनता को आम मुद्दों से भटका रहा है।

महिला से मारपीट, जान से मारने की धमकी

नदेसर स्थित राजा बाजार में महिला के साथ मारपीट और धमकी के मामले में बुधवार को पीड़िता ने कैंट थाने में तहरीर दी है। पीड़िता रेहान बेगम ने पुलिस को बताया कि आरोपी मकान अपने नाम कराने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी देता है। विरोध करने पर पिटाई करता है। वह बेटियों के साथ भी अभद्र व्यवहार करता है। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

दहेज उत्पीड़न में पति समेत ससुराल पर प्राथमिकी दर्ज

विवाहिता ने पति समेत ससुराल के सदस्यों के खिलाफ बुधवार को कैंट थाने में दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता प्रज्ञा ने पुलिस को बताया कि मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के पिलोरी गांव निवासी पति अजय टंडन और ससुराल के अन्य सदस्य दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

मिर्जामुराद पुलिस ने बुधवार को क्षेत्र के हरपुर-हरसोस बॉर्डर के पास 193 ग्राम गांजा के साथ आरोपी उदयभान को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रोहनिया के दरेखू का निवासी है।

पुलिस पिकेट से 50 मीटर की दूरी से सरिया चोरी

रोहनिया के अखरी में पुलिस पिकेट से 50 मीटर की दूरी पर राजू सरदार के अर्धनिर्मित मकान से सरिया की रिंग मंगलवार रात चोरी हो गई। पीड़ित ने बुधवार को थाने में तहरीर दी है। एक सप्ताह पहले सबमर्सिबल पंप चोरी हुआ था। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। 

किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग को अगवा करने के मामले में रोहनिया पुलिस ने बुधवार को भदवर से आरोपी सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया और नाबालिग को बरामद कर लिया। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी धनपालपुर निवासी सुजीत कुमार है। 10 दिन पूर्व नाबालिग के अपहरण के मामले में जांच की जा रही थी। 

बंद घर में चोरी, प्राथमिकी दर्ज

सामनेघाट स्थित बालाजी कॉलोनी में आशुतोष उपाध्याय के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी हो गई। पीड़ित ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। मकान से बर्तन, बिजली के तार और सूटकेस चोरी हुआ। प्रयागराज में शासकीय सेवा में कार्यरत आशुतोष ने पुलिस को बताया कि 22 मार्च को घर का ताला तोड़कर चोरी की गई है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

बिना नंबर के आठ डंपर का चालान

चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा चौराहे पर यातायात पुलिस ने तीन दिनों तक चले चेकिंग अभियान में बिना नंबर के आठ डंपर वाहनों का चालान किया। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था, मुख्यालय) शिवहरि मीणा के आदेश पर टीएसआई पीतांबर सिंह ने यह कार्रवाई की।

किशोरी का धर्म परिवर्तन कराकर आरोपी ने की शादी, गिरफ्तार

चार साल पहले अगवा किशोरी को जंसा पुलिस ने बुधवार को आरोपी रईस अहमद को राजातालाब क्षेत्र से गिरफ्तार किया। किशोरी को अगवा कर रईस ने उसका धर्म परिवर्तन कराने के बाद उससे शादी कर ली। गिरफ्तार आरोपी श्रावस्ती के भिनगा थाना क्षेत्र के पूरे गोकुल सिंह इटवरिया का निवासी है।30 दिसंबर 2021 को किशोरी के चाचा ने जंसा थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जंसा थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि 14 वर्षीय भतीजी के घर से लापता होने की तहरीर मिली थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर खोजबीन शुरू की।विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि रईस अहमद ने अपहृता से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक के माध्यम से संपर्क स्थापित किया था। उसने शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर किशोरी को अपने साथ नानपारा, बहराइच भगा ले गया, जहां उसका धर्म परिवर्तन कराकर विवाह कर लिया। आरोपी के बारे में सूचना मिली कि वह अपहृता के साथ लखनऊ स्थित रिश्तेदार के यहां जाने के लिए निकला है। तभी राजातालाब ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

दिव्यांग किशोरी से दुष्कर्म, प्राथमिकी दर्ज

जौनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की दोपहर में दिव्यांग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के दादा ने बुधवार को कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।पीड़िता के दादा ने बताया कि घटना बुधवार की दोपहर दो बजे की है। घर के सभी सदस्य खेत में काम करने गए थे और 15 वर्षीय पोती घर पर अकेली थी। वह बोल और सुन नहीं पाती है। आरोप है कि पड़ोस का ही एक युवक उसे घसीट कर बगल के कच्चे जर्जर मकान में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच बड़ी बहू व अन्य उसे खोजते हुए मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया लेकिन वह छुडाकर भाग निकला। पीड़िता के दादा ने पीड़िता के साथ कोतवाली पहुंचकर आरोपी युवक के विरुद्ध प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। मड़ियाहूं कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

मां विंध्यवासिनी क्लब के वार्षिकोत्सव पर मां विंध्यवासिनी का हुआ दिव्य शृंगार

नवरात्र पर मां विंध्यवासिनी क्लब के वार्षिकोत्सव पर काशीपुरा स्थित विंध्याचल मंदिर को भव्य रूप से सजाकर मां विंध्यवासिनी का दिव्य शृंगार किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर दक्षिणी के विधायक नीलकंठ तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी के अजय सिंह रहे। क्लब के अध्यक्ष मुन्ना कसेरा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्रीय सभासदों और अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वार्षिकोत्सव में भक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को भावविभोर कर दिया। संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों को उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से प्रकाशित अर्पण पुस्तक का विमोचन हुआ। संचालन रामनारायण कसेरा व मनोज गुप्ता और धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष मुन्ना कसेरा व महामंत्री रमेश कसेरा ने किया। इस अवसर पर आकाश कसेरा, राजेश कसेरा, श्याम सुंदर, संजय कसेरा आदि मौजूद रहे।

व्यापारी नेता प्रेम मिश्रा को व्यापारियों ने दी अंतिम श्रद्धांजलि

वरिष्ठ व्यापारी नेता प्रेम मिश्रा का त्रयोदशी संस्कार बुधवार को पिपलानी कटरा स्थित एक लॉन में हुआ। इस अवसर पर राजनीति, व्यापार और समाजसेवा से जुड़ी तमाम बड़ी हस्तियों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। नागरिकों ने प्रेम मिश्रा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। लोगों ने कहा कि प्रेम मिश्रा ने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा में अर्पित किया।व्यापारी वर्ग के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव खड़े रहे। अंत में जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान आरके चौधरी, श्रीनारायण खेमका, अशोक जायसवाल, प्रदीप अग्रहरि, राघवेंद्र चौबे, मनीष कपूर, सतीश चौबे, डॉ. अंजनी मिश्रा आदि मौजूद रहे।

राम नवमी पर संकट मोचन में दोपहर 12 बजे होगी भगवान राम की आरती

27 मार्च को राम नवमी पर संकट मोचन मंदिर में ठीक दोपहर 12 बजे श्रीराम जी की आरती होगी। उनके परम सेवक हनुमान जी उनके ठीक सामने से ही निहारेंगे। उस दिन सुबह से ही राम मंदिर और विग्रहों की विशेष सज्जा की जाएगी। मंदिर के साथ ही राम जी के विग्रहों का भव्य शृंगार होगा। पूजा-पाठ के बाद राम नवमी की झांकियां निकलेंगी। वहीं, रामकथा शोभायात्रा भी मंदिर से निकलेगी। रात को राम दरबार में संगीत कार्यक्रम की प्रस्तुतियां होंगी संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने बताया कि भगवान कृष्ण का जन्म रात के 12 बजे हुआ तो उनकी आरती हमेशा रात के 12 बजे ही होती है। वहीं भगवान राम दोपहर 12 बजे अयोध्या में जन्मे थे ऐसे में उनकी आरती भी उसी समय में शुरू हो जाएगी। मंदिर में राम जी की प्राचीन प्रतिमा के सामने आरती और विधिवत पूजा की जाएगी।आएंगे डेढ़ लाख से ज्यादा भक्त, तुलसी मानस और तुलसी घाट भी जाएंगे: रामनवमी पर संकट मोचन मंदिर में डेढ़ लाख से ज्यादा भक्तों के दर्शन का अनुमान है। संकट मोचन के साथ ही तुलसी मानस मंदिर और तुलसी घाट स्थित मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। यहां के अलावा पूरे जिले के राम और हनुमान मंदिरों में भक्तों के दर्शन पूजन का सिलसिला चलेगा। पूरे देश भर से भक्तों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहेंगी। काशी में गोस्वामी तुलसी दास के रामचरित मानस लिखे जाने के चलते यहां पर राम नवमी का महत्व बाकी शहरों से काफी अलग और खास हो जाता है।

काशी कोतवाल के दरबार में एक्टर संजय मिश्रा ने टेका मत्था

बॉलीवुड अभिनेता संजय मिश्र दो दिवसीय काशी प्रवास के बाद बुधवार सुबह मुंबई के लिए रवाना हो गए। मंगलवार की शाम काशी पहुंचे अभिनेता ने गंगा की लहरों का आनंद लेने के साथ काशी की गलियों के उस बनारसीपन को जिया। मंगलवार शाम गंगा घाटों के भ्रमण के बाद संजय मिश्रा ने ब्रह्मनाल स्थित एक चाय की दुकान पर आम ग्राहकों के बीच बेंच पर बैठ गए और चाय की चुस्कियों के साथ स्थानीय लोगों से लंबी बातचीत की। इसके बाद अभिनेता सीधे दुकान के अंदर काउंटर पर पहुंचे और अपने हाथों से सैंडविच तैयार किया। खुद के बनाए सैंडविच का आनंद लेते हुए उन्होंने कहा कि बनारस के खानपान का मिजाज ही अलग है। मुझे खाना बनाना बहुत पसंद है।बाबा काल भैरव के दरबार में लगाई हाजिरी : बुधवार की सुबह संजय मिश्रा ने काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में विधि-विधान से पूजन किया और भैरव अष्टक का पाठ किया। उन्होंने करीब 15 मिनट तक मंदिर में समय बिताया। 

पत्रकारिता के विद्यार्थियों को एआई टूल्स के बारे में जानना होगा

काशी विद्यापीठ में पत्रकारिता संस्थान में आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने मीडिया क्षेत्र में एआई की भूमिका विषय पर अपनी बात रखी। संस्थान के निदेशक प्रो.नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पत्रकारिता के विद्यार्थियों को भी एआई टूल्स को सीखने की आवश्यकता है। संगोष्ठी में प्रो.नागेंद्र ने कहा कि वर्तमान समय में एआई की उपयोगिता हर क्षेत्र में बढ़ रही है। उन्होंने छात्रों को निरंतर सीखने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डॉ. जय प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. हरिकेश बहादुर सिंह, डॉ. वैष्णवी शुक्ला, अरविंद कुमार मिश्र, गुरु प्रकाश सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

कृष्ण-सुदामा के मिलन प्रसंग से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

हनुमान मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन बुधवार को सुदामा चरित्र के वर्णन ने पंडाल में मौजूद हर श्रद्धालु को भाव-विभोर कर दिया। कथाव्यास कृष्ण शरण महाराज ने कहा कि सच्ची मित्रता सांसारिक ऊंच-नीच, दरिद्रता या राजसी ठाठ-बाट की मोहताज नहीं होती। सुदामा की निस्वार्थ भक्ति और श्रीकृष्ण का अपने मित्र के प्रति अगाध प्रेम आज के समाज के लिए एक महान आदर्श है। कथा के समापन सत्र के बाद भंडारा हुआ।भोलानाथ उपाध्याय, प्रदीप सोनी, अजय गुप्ता, कुमुद उपाध्याय और अनिल जायसवाल समेत पूरी टीम मौजूद रही। इस अवसर पर संजय बरनवाल, मनोज चौरसिया, विशाल सेठ, शारदा चतुर्वेदी, गुड़िया गुप्ता और महादेव सिंह आदि मौजूद रहे।