पीएम मोदी के खिलाफ बयान देकर बुरे फंसे उस्मान गनी, पहले पार्टी से हुए निष्कासित अब पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
182

बीकानेर। राजस्थान में लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद आज सुबह बीकानेर से बड़ी खबर सामने आई है।  बीकानेर बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष रहे उस्मान गनी गिरफ्तार हो गए हैं। तीन दिन पहले ही बीजेपी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित किया था। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रविवार 28 अप्रैल की सुबह गिरफ्तार कर लिया है। गनी की गिरफ्तारी उनके बयान को लेकर हुई है जो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिया था।

जानकारी के मुताबिक उस्मान गनी को ​बीकानेर पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। उस्मान गनी वही नेता है, जिन्होंने हाल ही में दिल्ली में एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान पीएम मोदी के खिलाफ बयान दिया था। उस्मान गनी ने पीएम मोदी की बातों को वाहियात बताते हुए कहा था कि भले ही वो पार्टी का सबसे बड़ा फेस है, लेकिन मुझे मुस्लिम समुदाय पर उनका स्टेटमेंट अच्छा नहीं लगा। इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा था कि बीजेपी राज्य में 25 में से करीब 3 से 4 सीटें हारेगी। इसके बाद पार्टी ने उन्हें बा​हर का रास्ता दिखा गया था। ऐसे में अब उनकी गिरफ्तारी सियासी ​गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

पार्टी ने 6 साल के लिए किया निष्कासित

इस इंटरव्यू के बाद से गनी सभी की निगाहों में आ गए। पार्टी ने उनके बयान पर नाराजगी जाहिर की। पार्टी ने गनी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। अनुशासन समिति के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने बीते 24 अप्रैल को आदेश जारी कर उस्मान गनी को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। ओंकार सिंह ने अपने आदेश में लिखा था कि गनी को पार्टी का अनुशासन भंग करने के आरोप की वजह से निष्कासित किया गया है।

पुलिस ने गनी को किया गिरफ्तार

गनी के निष्कासन के 4 दिन बाद ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर दिया है जिसको लेकर काफी चर्चा हो रही है। मुक्ताप्रसाद थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बताया कि गनी किसी मामले की शिकायत करने के लिए थाने पहुंचे थे। इसी दौरान शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।