Viral Video: लोग अपने शौक पूरे करने के लिए क्या-कुछ नहीं करते। जिनके पास करोड़ों-अरबों की संपत्ति होती है, उनके शौक भी करोड़ों के हो जाते हैं। कभी करोड़ों रुपये खर्च कर आलीशान बंगला खरीद लेते हैं तो कभी करोड़ों की गाड़ियां खरीद कर लोगों को चौंका देते हैं। वहीं, कुछ लोगों को आपने लड़का से लड़की या लड़की से लड़का बनते जरूर देखा होगा, लेकिन क्या आपने किसी इंसान को कुत्ते में तब्दील होते देखा है? जी हां कुत्ता। अगर नहीं तो आज हम आपको जापान के रहने वाले टोको की कहानी बताएंगे, जिसे इंसानी जीवन से ज्यादा कुत्तों का जीवन जीने की चाहत थी। जिसने लाखों रुपये खर्च कर कुछ ऐसा काम किया है, जिसके बारे में जानकर हर कोई हैरान है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
टोको को कुत्तों से था लगाव
दरअसल, शख्स को बचपन से ही कुत्ते जैसा दिखने का शौक था, ऐसे में जब वो बड़ा हुआ तो उसने अपने अजीबोगरीब शौक को हकीकत में बदलने का फैसला किया और इसपर उसने पानी की तरह पैसा बहा दिया। शख्स का नाम टोको बताया जा रहा है, जो जापान का रहने वाला है। टोको को कुत्तों से इतना लगाव था कि वह उनकी तरह ही हरकतें करने लगा। उनकी तरह ही चार पैरों पर चलने लगा। यूट्यूब पर पोस्ट की गईं कई वीडियोज में उसका व्यवहार कुत्ते से मिलता-जुलता देखा गया। उसका बचपन से यह सपना था कि वह एक कुत्ता बने। लिहाजा भगवान ने भी उसकी सुन ली।
11 लाख की ये कॉस्टयूम
टोको ने डॉग जैसा लुक पाने के लिए कस्टम-मेड कोली कॉस्टयूम पर 11.64 लाख रुपये खर्च कर डाले। यह कॉस्टयूम इंसान को एक असली डॉग बना सकती है। 11 लाख की ये कॉस्टयूम पहनकर टोको अपनी एक दोस्त के साथ सड़क पर वॉक के लिए निकला। सड़क पर जब कुछ कुत्तों ने उसे देखा तो तुरंत हमला करने के लिए दौड़ पड़े। कुछ कुत्ते ऐसे भी रहे, जिनसे उसकी दोस्ती हो गई। इसका एक वीडियो भी उसने अपने यूट्यूब अकाउंट से शेयर किया है।
टोको ने पिछले साल एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उसने बताया था कि उसकी बचपन से ही एक कुत्ता बनने की चाहत थी। अपने इसी सपने को पूरा करने के लिए उसने 11 लाख रुपये की यह कॉस्टयूम खरीद ली। टोको के लिए डॉग कॉस्टयूम बनाने में जेपेट कंपनी को 40 दिन लगे। जिसकी लागत 14,161 डॉलर यानी 11.64 लाख रुपये आई।