पट्टाली मक्कल कच्ची ने जारी की उम्मीदवारों की अंतिम सूची

0
14

चेन्नई | पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के अध्यक्ष अंबुमणि रामदास ने सोमवार को आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की। एआईएडीएमके के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के तहत पीएमके को चुनाव लड़ने के लिए 18 सीटें दी गई हैं।

पीएमके ने 15 उम्मीदवारों के नामों का किया एलान

तीन सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी, जबकि रामदास ने बाकी 15 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया, जो पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।  जारी सूची के अनुसार, पेरंबूर से कवि एम. तिलगाबामा, धर्मपुरी से सौमिया अंबुमणि, वृद्दाचलम से तमिलरासी अधिमूलम और सलेम पश्चिम से एम कार्ति को उम्मीदवार बनाया गया है। इसी तरह पेन्नागरम से पाडी वी. सेल्वम, पोलुर से सीआर भास्करन, तिरुपुरूर से वकील के बालू, जयंकोंडम से के. वैथि और सलेम पश्चिम से एस. सदासिवम को टिकट दिया गया है।विकरवंडी से सी शिवकुमार, शोलिंगुर से वकील के.सरवणन, मयिलादुथुरई से सिथमल्ली ए. पलानीचामी, उथिरमेरूर से पी. महेश कुमार और रिशिवंदियम से ए.पी. चेझियन को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने कट्टुमन्नारकोइल (एससी) सीट से अंबु चोलन को मैदान में उतारा है।

एआईएडीएमके ने की 169 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा

इससे पहले एआईएडीएमके ने घोषणा की थी कि वह 234 में से 169 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 27 सीटों पर, पीएमके 18, अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (एएमएमके) 11, तमिल मानिला कांग्रेस पांच, इंडिया जननायगा काची (आईजेके) एक और पुराची भारतम एक सीट पर चुनाव लड़ेगी।

पीएमके प्रमुख ने डीएमके सरकार पर साधा निशाना

इससे पहले, पीएमके प्रमुख अंबुमणि रामदास ने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) सरकार पर भी निशाना साधते हुए खराब शासन और कुप्रबंधन के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक न्याय और जनकल्याण जैसे मुद्दों की अनदेखी हो रही है> उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए गठबंधन 200 से ज्यादा सीटें जीतेगा।

चुनाव और मतगणना कब होंगे?

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर पिछली बार की तरह इस बार भी एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। वहीं, मतगणना 4 मई को होगी। तमिलनाडु में विधानसभा का कार्यकाल 10 मई 2026 को खत्म हो रहा है। राज्य में पिछली बार चुनाव 6 अप्रैल 2021 को कराए गए थे। मतगणना 2 मई 2021 को हुई थी।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का रण

सीटें-234, बहुमत- 118
अधिसूचना- 30 मार्च
नामांकन की आखिरी तारीख- 6 अप्रैल
नामांकन पत्रों की जांच- 7 अप्रैल
नाम वापसी की आखिरी तारीख- 9 अप्रैल
मतदान- 23 अप्रैल
नतीजे- 4 मई