सिक्किम दौरे पर पीएम मोदी, 50वीं वर्षगांठ समारोह में शिरकत; 4000 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

0
11

गंगटोक | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से सिक्किम के दो दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। यह दौरा राज्य के इतिहास में खास महत्व रखता है, क्योंकि पीएम मोदी सिक्किम के गठन की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित 'स्वर्ण जयंती समारोह' के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री राज्य को 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उपहार भी देंगे।


यात्रा का पूरा कार्यक्रम: ऑर्किड से लेकर जनसभा तक

  • आगमन: प्रधानमंत्री सोमवार दोपहर करीब 3 बजे गंगटोक पहुँचेंगे।

  • ऑर्किड एक्सपीरियंस सेंटर: मंगलवार (28 अप्रैल) की सुबह पीएम गंगटोक स्थित आधुनिक ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे, जो राज्य की दुर्लभ पुष्प विरासत और जैव विविधता का केंद्र है।

  • मुख्य कार्यक्रम: सुबह 10 बजे पलजोर स्टेडियम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम में पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण करेंगे।


स्वास्थ्य और शिक्षा: बुनियादी ढांचे को नई मजबूती

प्रधानमंत्री स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़ी उपलब्धियां राज्य को सौंपेंगे:

  • आयुर्वेद और सोवा रिग्पा: यांगांग में 100 बेड वाले आयुर्वेद अस्पताल की नींव रखी जाएगी और एनआईटी देवराली में 30 बेड के एकीकृत सोवा रिग्पा अस्पताल का उद्घाटन होगा।

  • यूनिवर्सिटी और कॉलेज: सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर, हेलेन लेप्चा मेडिकल कॉलेज और डेंटम प्रोफेशनल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण संस्थाओं का लोकार्पण किया जाएगा।

  • डिजिटल शिक्षा: 160 स्कूलों में आईटी-सक्षम बुनियादी ढांचे और मॉडल डिग्री कॉलेजों की शुरुआत होगी।


कनेक्टिविटी और शहरी विकास: बदलेगी सिक्किम की तस्वीर

सिक्किम की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया गया है:

  • पुल और सड़कें: तीस्ता नदी पर दो डबल-लेन स्टील आर्च पुलों की आधारशिला रखी जाएगी। साथ ही बर्धांग-नामची-किचुडुमरा उन्नत सड़क मार्ग का उद्घाटन होगा।

  • शहरी सुविधाएं: गंगटोक के बिजली नेटवर्क का आधुनिकीकरण, लुम्से में जन सेवा सचिवालय और पुलिस कर्मियों के लिए नए आवासों का उपहार मिलेगा।


पर्यटन, कृषि और खेल: चौतरफा विकास का रोडमैप

  • पर्यटन: कैलाश मानसरोवर यात्रा की सुविधाओं, डोडक में ईको-टूरिज्म और सिलनोन में ईको-पिलग्रिमेज कॉम्प्लेक्स के माध्यम से पर्यटन को नया विस्तार मिलेगा।

  • खेती-किसानी: कृषि क्षेत्र में IFFCO प्रोसेसिंग प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा, जो किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

  • खेल: पाकयोंग जिले के माइनिंग क्षेत्र में युवाओं के लिए इनडोर क्रिकेट सुविधाओं का शुभारंभ होगा।