वर्दी पहनकर कोर्ट पहुंचे थाना प्रभारी, जज ने लिया सख्त एक्शन; पूरे दिन कटघरे में खड़े रहे TI

0
6

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक अदालत का अनोखा मामला सामने आया है, जहां स्पष्ट निर्देशों के बावजूद पुलिस वर्दी पहनकर कोर्ट में पेश होने वाले एक थाना प्रभारी को भारी पड़ गया। जज ने इसे आदेश की अवहेलना मानते हुए कड़ी नाराजगी जताई और थाना प्रभारी को शाम तक कटघरे में खड़े रहने की अनोखी सजा सुनाई।

विशेष न्यायाधीश सुनील दंडोतिया की अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए थे टीआई

मामला ग्वालियर की विशेष अदालत का है, जहां विशेष न्यायाधीश सुनील दंडोतिया ने विश्वविद्यालय थाने के प्रभारी रविंद्र कुमार को एक प्रकरण में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए थे। अदालत के आदेश में बहुत ही स्पष्ट शब्दों में यह बात कही गई थी कि थाना प्रभारी को बिना पुलिस वर्दी यानी सिविल ड्रेस में कोर्ट में उपस्थित होना है, लेकिन इसके बावजूद वे वर्दी पहनकर ही पहुंच गए।

अदालत की कड़ी टिप्पणी और सिविल ड्रेस में दोबारा कोर्ट में पेश होने के निर्देश

थाना प्रभारी को वर्दी में देखकर अदालत ने खासी नाराजगी जताई और इस हरकत को न्यायिक आदेश की सीधी अवहेलना करार दिया। कोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए यहां तक पूछ लिया कि यदि इसी वक्त जेल भेजना पड़े तो क्या वे वर्दी पहनकर ही जाएंगे? इसके बाद जज ने उन्हें तुरंत वापस जाकर सादे कपड़ों में आने के निर्देश दिए।

देर शाम तक कटघरे में खड़े रहने की सजा और देसी कट्टे की जब्दी से जुड़ा है मामला

न्यायालय के निर्देश पर जब थाना प्रभारी सिविल ड्रेस में दोबारा कोर्ट पहुंचे, तो उन्हें सुनवाई के दौरान देर शाम तक अदालत के कटघरे में ही मौजूद रहने का आदेश दिया गया। आपको बता दें कि यह पूरा प्रकरण एक देसी कट्टे की जब्दी से जुड़ा हुआ है, जिसमें अदालत द्वारा बार-बार मांगे जाने के बावजूद पुलिस द्वारा हथियार पेश नहीं किए जाने पर यह सख्ती बरती गई है।