वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर काशी और गुजरात के वडनगर से एक साथ प्रारंभ हुई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का भव्य समापन 7 अक्टूबर को होगा। गुजरात के वडनगर से आने वाले सेवा यात्रियों का काशी आगमन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भव्य स्वागत करेंगे। वडनगर से आ रहे सेवा यात्री अपने साथ गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर पहुंचेंगे, जिससे भगवान श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
गृह मंत्री और मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ नेता करेंगे स्वागत
समापन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, तथा भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी व प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा भी सेवा यात्रियों की अगवानी करेंगे। संगठन सूत्रों के अनुसार, एनडीए गठबंधन के एक अन्य वरिष्ठ नेता को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित करने पर विचार-विमर्श चल रहा है, जिनका नाम शीघ्र तय कर लिया जाएगा।
मार्ग में जगह-जगह भव्य स्वागत की रूपरेखा तैयार
आयोजन को लेकर रणनीतिक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही बाइक सवार सेवा यात्रियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। यह स्वागत श्रृंखला श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने तक निरंतर जारी रहेगी। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्वागत बिंदु चिन्हित किए जा रहे हैं, जहां राज्य मंत्रियों और विधायकों की देखरेख में अगवानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के उद्घाटन की संभावना
अपने काशी प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जाल्हूपुर स्थित 'राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय' के परिसर का लोकार्पण भी कर सकते हैं। इस हेतु आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस विश्वविद्यालय के क्रियाशील होने से क्षेत्र में आपराधिक अनुसंधानों एवं फॉरेंसिक जांच प्रक्रियाओं को बड़ी गति मिलेगी।
रक्षामंत्री और गृहमंत्री ने दिखाई थी हरी झंडी
प्रधानमंत्री के 74वें जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को काशी और वडनगर से एक साथ सेवा संकल्प बाइक यात्राएं शुरू हुई थीं। काशी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 250 मोटरसाइकिलों पर सवार 500 युवाओं के जत्थे को वडनगर के लिए रवाना किया था।
उसी दिन वडनगर से काशी आ रही यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने हरी झंडी दिखाई थी। लगभग 20 दिनों की अवधि में दोनों यात्राएं 7 अक्टूबर को अपने-अपने पड़ाव पर पूर्ण होंगी। काशी से वडनगर जाने वाली यात्रा देश के 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1159 गांवों से होकर गुजर रही है, जिसमें एक हजार से अधिक युवा सहभागिता कर रहे हैं। यात्रा के दौरान मार्ग में स्वच्छता, पौधरोपण और जल संरक्षण जैसे 25 प्रकार के सामाजिक व सेवा कार्य किए जा रहे हैं।









