इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से ठीक पहले मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में सियासत पूरी तरह गर्मा गई है। कार्यक्रम के आयोजन से पहले शहर में जबरदस्त ‘पोस्टर वॉर’ छिड़ गया है, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
शहरभर में लगे ‘झूठ की गूंज’ के पोस्टर
राहुल गांधी के दौरे और कार्यक्रम से पहले इंदौर शहर की 100 से अधिक प्रमुख लोकेशंस पर ‘झूठ की गूंज’ लिखे हुए तीखे पोस्टर चस्पा किए गए हैं। हालात यह हैं कि कई मुख्य मार्गों पर लगाए गए राहुल गांधी के स्वागत और प्रचार वाले पोस्टर्स के ठीक ऊपर ये नए पोस्टर चिपका दिए गए हैं।
क्या छपा है इन पोस्टर्स में?
इन वायरल हो रहे पोस्टर्स में राहुल गांधी का चेहरा नजर आ रहा है, जिसके साथ बड़े अक्षरों में ‘झूठ की गूंज’ लिखा गया है। इसके अलावा इन पर ‘झूठ की गूंज पे होगी सत्य की विजय’ की पंक्तियां भी अंकित हैं। खास बात यह है कि इन पोस्टर्स को किसने और किस संगठन ने लगवाया है, इसका कोई आधिकारिक जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन पोस्टर के सबसे नीचे jhoothkigoonj.com नाम से एक वेबसाइट का उल्लेख जरूर मिलता है।
राजनीतिक सरगर्मी और बयानबाजी तेज
इस पोस्टर वार के सामने आने के बाद से ही इंदौर की राजनीतिक फिजा में तनाव और बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। एक तरफ जहां कांग्रेस पार्टी इसे अपने कार्यक्रम को प्रभावित करने की सोची-समझी साजिश बता रही है, वहीं दूसरी ओर इस तरह के अनियोजित और अनाम पोस्टर्स ने शहर की सियासी जंग को और अधिक दिलचस्प बना दिया है।









