तीसरी बेटी पैदा हुई तो अस्पताल में नवजात की मौत, हत्या की आशंका से जांच तेज

0
8

अशोकनगर: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नवजात बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत बच्ची के गले पर खरोंच और दबाने के निशान की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला अशोकनगर जिले के चंदेरी इलाके के सकरा गांव का है। परिवार में शुक्रवार (2 अक्टूबर) की रात करीब 11:50 बजे तीसरी बेटी का जन्म हुआ था। जन्म के कुछ समय बाद बच्ची को पीएनसी वार्ड से स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया था।

मां की खुली आंख तो मुंह से निकल रहा था खून

जानकारी के अनुसार, शनिवार (3 अक्टूबर) दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच जब नवजात की मां की आंख खुली, तो उन्होंने देखा कि बच्ची के मुंह से खून निकल रहा था। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी अपनी सास को दी। दादी बच्ची को लेकर डॉक्टर के पास पहुंचीं, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टर ने जब बच्ची के गले पर खरोंच के निशान देखे, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि घटना के वक्त बच्ची की मां और दादी दोनों वहीं मौजूद थीं। मां एक पलंग पर सो रही थीं, जबकि दादी पास के ही दूसरे पलंग पर बैठी थीं। कोतवाली पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और परिजनों व अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किन परिस्थितियों में इस घटना को अंजाम दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाए जाने के संकेत मिलने के बाद पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है।