दिवाली से पहले सख्ती, बैरसिया की पटाखा फैक्ट्री सील; क्षमता से अधिक सामग्री बरामद

0
7

भोपाल: दीवाली के त्यौहार से ठीक पहले भोपाल जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बैरसिया इलाके में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भारी अनियमितताएं पाए जाने के बाद प्रशासन ने उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

जिला प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि बैरसिया के ग्राम बांदीखेड़ी स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में नियमों को ताक पर रखकर काम किया जा रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बैरसिया एसडीएम शिवांगी बघेल, एसडीओपी वैशाली सिंह, तहसीलदार दुर्गा पटले और गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री परिसर का औचक निरीक्षण किया।

लाइसेंस क्षमता से अधिक था विस्फोटक

जांच के दौरान टीम को फैक्ट्री में भारी अनियमितताएं देखने को मिलीं। यहां लाइसेंस में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण किया गया था। इसके अलावा, फैक्ट्री परिसर में आग से बचाव के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे और किसी भी बड़ी दुर्घटना से निपटने के लिए सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की जा रही थी।

विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई

प्रशासन ने विस्फोटक अधिनियम 1884 और विस्फोटक नियम 2008 के तहत इस पटाखा फैक्ट्री पर कानूनी शिकंजा कसा है। अधिकारियों का साफ कहना है कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए नियमों में ढिलाई बरतने वाली ऐसी फैक्टरियों को बख्शा नहीं जाएगा।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

दीवाली से पहले जिला प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को बेहद अहम माना जा रहा है। अफसरों ने चेतावनी दी है कि विस्फोटक सामग्री के निर्माण, परिवहन और भंडारण में लापरवाही बरतने वाले अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी लगातार कड़े कदम उठाए जाएंगे।