दिवाली और छठ पर घर जाने वालों को राहत, भोपाल से बिहार-रीवा के लिए चलेंगी विशेष ट्रेनें

0
8

भोपाल। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल ने विशेष तैयारियां की हैं। त्यौहारों के मौसम में यात्रियों को आसानी से कंफर्म टिकट उपलब्ध कराने और उनकी राह सुगम बनाने के लिए रेल प्रशासन ने रानी कमलापति-दानापुर, रीवा-रानी कमलापति और रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर के मध्य स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

रानी कमलापति-दानापुर त्यौहार स्पेशल ट्रेन

भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से बिहार के दानापुर के बीच विशेष ट्रेन (गाड़ी संख्या 01667/01668) का संचालन शुरू किया जा रहा है। यह ट्रेन हफ्ते में दो दिन, प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। रानी कमलापति स्टेशन से यह ट्रेन दोपहर 2:25 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 9:15 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन सुबह 11:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे गंतव्य पर पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन कुल 11-11 फेरे लगाएगी। यात्रा के दौरान इसका ठहराव नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और बक्सर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

रीवा-रानी कमलापति सुपरफास्ट स्पेशल

त्यौहारों के दौरान भोपाल और रीवा के मध्य यात्रियों के भारी दबाव को देखते हुए रीवा-रानी कमलापति सुपरफास्ट स्पेशल (गाड़ी संख्या 02192) चलाने का फैसला लिया गया है। यह ट्रेन विशेष तिथियों पर रीवा से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर रात 9:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। वापसी में उसी दिन रात 10:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 7:20 बजे रीवा पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल चार-चार फेरे लगाएगी तथा मार्ग में विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर और सतना स्टेशनों पर रुकेगी।

रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर पूजा स्पेशल

मालवा और विंध्य क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए रीवा से इंदौर के पास स्थित डॉ. अंबेडकर नगर के मध्य भी पूजा स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 01704/01703) का संचालन किया जाएगा। रीवा से यह ट्रेन रात 10:50 बजे प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 3:05 बजे डॉ. अंबेडकर नगर पहुंचेगी। वहीं वापसी दिशा में डॉ. अंबेडकर नगर स्टेशन से रात 9:20 बजे छूटकर अगले दिन दोपहर 1:30 बजे रीवा पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और गाडरवारा सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है।