उदयपुर। पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण के अंतर्गत होने वाले मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन मंगलवार को जिला कक्ट्रेट परिसर में जबरदस्त चुनावी गहमागहमी देखने को मिली। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए पर्चे भरने पहुंचे दावेदारों के साथ उनके समर्थकों का तांता लगा रहा।
भाजपा की अंतिम समय पर सूची जारी और बड़े चेहरे मैदान में
जिला परिषद सदस्य के लिए नामांकन के अंतिम दिन भाजपा ने एक बार फिर ऐनवक्त पर अपने पत्ते खोले। हालांकि, प्रत्याशियों को नामांकन पत्र तैयार रखने की सूचना एक दिन पहले ही दे दी गई थी, लेकिन सूची नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के करीब एक घंटे बाद शाम 4 बजे सार्वजनिक की गई।
पार्टी ने इस चुनाव में कई दिग्गजों और प्रमुख चेहरों को मैदान में उतारा है, जिनमें पूर्व विधायक दलीचंद डांगी, नानालाल अहारी, वल्लभनगर से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हिम्मतसिंह झाला और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा की बेटी संजना मीणा शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्तसिंह चौहान, बड़गांव की पूर्व प्रधान प्रतिभा नागदा, जिला महामंत्री ललितसिंह सिसोदिया और घनश्याम मेनारिया को भी अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है।
सांसद की पत्नी का कटा पत्ता, करणी सेना जिलाध्यक्ष को मौका
उदयपुर से सांसद मन्नालाल रावत की पत्नी रजनी रावत के जिला परिषद चुनाव लड़ने की चर्चाएं जोरों पर थीं, लेकिन मंगलवार को उनके नामांकन दाखिल करने न पहुंचने से यह अटकलें विराम पा गईं। भाजपा ने उनके स्थान पर राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत को अपना उम्मीदवार बनाया है, जिनका मुकाबला कांग्रेस के राजसिंह झाला से होगा।
वहीं, वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 31 से पूर्व जिला प्रमुख ममता कुंवर के पिता और पूर्व जिलाध्यक्ष भंवरसिंह पंवार को पहले ही नामांकन दाखिल करने की सूचना दी गई थी। लेकिन अंतिम समय में प्रदेशाध्यक्ष के निर्देश पर उनका टिकट बदलकर अनिल जारोली को दे दिया गया, क्योंकि पंवार परिवार से पहले ही एक सदस्य को प्रमुख पद मिल चुका था। ऐनवक्त पर मिले निर्देश के बाद अनिल जारोली ने अंतिम घंटे में अपना नामांकन दाखिल किया।
कांग्रेस के कई चर्चित चेहरों ने भी ठोकी ताल
कांग्रेस पार्टी से जुड़े कई प्रमुख दिग्गजों ने भी जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए अपने पर्चे भरे हैं। मावली के कांग्रेस विधायक पुष्करलाल डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला ने वार्ड-2 से और पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना के करीबी राजसिंह झाला ने वार्ड-32 से पर्चा भरा। वहीं, उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से दो बार चुनाव लड़ चुके कांग्रेस नेता विवेक कटारा ने गिर्वा पंचायत समिति के वार्ड-4 से नामांकन भरकर मुकाबले को बेहद रोचक बना दिया है।









