भोपाल। मध्य प्रदेश शासन द्वारा प्रशासनिक कसावट लाते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की एक व्यापक और लंबी तबादला सूची देर रात जारी कर दी गई है। इस बड़े फेरबदल के तहत राज्य के कई महत्वपूर्ण जिलों के कलेक्टरों के प्रभार बदल दिए गए हैं, साथ ही कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। इस सूची में पन्ना, मऊगंज, नर्मदापुरम, जबलपुर, भिंड, रायसेन, सिंगरौली, बालाघाट, शाजापुर, बुरहानपुर और हरदा जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं।
कई जिलों के बदले गए कलेक्टर
नवीन प्रशासनिक आदेश के अनुसार, रायसेन के कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा को जबलपुर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है, जबकि जबलपुर के पूर्व कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को कृषि विपणन बोर्ड का प्रबंध संचालक-सह-आयुक्त (मंडी) बनाया गया है। राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम के प्रबंध संचालक आशीष वशिष्ठ को नर्मदापुरम की कमान सौंपी गई है, और निवर्तमान कलेक्टर सोमेश मिश्रा को एड्स नियंत्रण सोसाइटी एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत का संचालक बनाया गया है। सिंगरौली में अंकित अस्थाना को नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व कलेक्टर गौरव बैनल को सामान्य प्रशासन विभाग भेजा गया है। कृषि विभाग के उप सचिव रोहित सिसोनिया को रायसेन की जिम्मेदारी दी गई है। बुरहानपुर के कलेक्टर हर्ष सिंह को पन्ना भेजा गया है, और विवेक कुमार को बुरहानपुर का नया कलेक्टर बनाया गया है। इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े को शाजापुर और बालाघाट के कलेक्टर कुमार सत्यम को हरदा का नया कलेक्टर बनाया गया है, जबकि बालाघाट में आदित्य सिंह को पदस्थ किया गया है। मऊगंज में राजेश कुमार ओगरे और भिंड में पवन कुमार जैन को नया कलेक्टर बनाया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों को मिले अतिरिक्त प्रभार
इस प्रशासनिक सर्जरी के दौरान कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त दायित्वों से नवाजा गया है। अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी को लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा आयुक्त, विशेष आयुक्त समन्वय और माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार मिला है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह अब लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। कृषि उत्पादन आयुक्त के.सी. गुप्ता को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक भरत यादव को जनसंपर्क विभाग और नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत एस. भोंडवे को नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन के आवासीय आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।






