भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल के उप नगर संत हिरदा नगर (बैरागढ़) में प्रदेश का पहला डबल डेकर छह लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा। तीन किलोमीटर लंबा फ्लाई ओवर 33 मीटर चौड़ा होगा। 306 करोड़ रुपए में बनने वाले इस फ्लाईओवर में नीचे गाडिय़ां दौड़ेंगी, ऊपर मेट्रो ट्रेन चलेगी। मेट्रो रूट के लिए अलग से फ्लाईओवर नहीं बनाना पड़ेगा। वहीं ग्वालियर शहर में स्वर्ण रेखा नदी पर महारानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा से गिरवाई पुलिस चौकी एबी रोड (एनएच 46) तक फोरलेन ऐलीवेटेड कॉरीडोर/फ्लाई-ओवर बनाया जाएगा। इस फ्लाईओवर के निर्माण की लागत राशि 926 करोड़ 21 लाख आएगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। मंत्रिपरिषद की बैठक में सड़क और फ्लाई ओवर के लिए 1881 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। इसके साथ अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली है।
एक नगर में संत हिरदाराम नगर फ्लाईओवर
- चौड़ाई 33 मीटर
- चौड़ाई 33 मीटर
- मार्ग 6 लेन
- 3 मीटर मीडियन
- लंबाई 3 किलो मीटर
- संपूर्ण मार्ग पर स्ट्रीट लाइट
यह होगा फायदा
भोपाल से इंदौर जाने वाले मार्ग पर संत हिरदाराम नगर में बनने वाले इस फ्लाई ओवर से बैरागढ़ बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। भोपाल से सीहोर और इंदौर जाने वाले बड़े वाहनों को बाजार से नहीं गुजरना पड़ेगा। जिन्हें बैरागढ़ बाजार में नहीं रुकना वे भी आसानी से गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
एक साल से चल रही थी तैयारी
भोपाल के हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि एक साल से फ्लाई ओवर की प्रक्रिया चल रही थी। पहले फोर लेन था, मुख्यमंत्री से आग्रह कर इसे छह लेन का कराया गया है। इसकी डिजाइन और अन्य कार्य पूरे होने के बाद कैबिनेट ने मंजूरी दी है।