भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी ने मैं रविवार को चार रिटायर्ड आईएएस अफसरों की एंट्री होगी। यह अधिकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में कलेक्टर और संभागायुक्त की भूमिका में काम कर चुके हैं। जिन रिटायर्ड आईएएस अफसरों द्वारा भाजपा की सदस्यता लिये जाने की तैयारी है उनमें कवींद्र कियावत, वेद प्रकाश, रविंद्र मिश्रा और रघुवीर श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं। मुख्यमंत्री चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा इन्हें बीजेपी की सदस्यता दिलाएंगे।
रिटायर्ड आईएएस अफसर कवींद्र कियावत सीहोर, उज्जैन कलेक्टर रहने के साथ भोपाल संभाग आयुक्त भी रहे हैं। वह कुछ समय पहले बाइक से नर्मदा यात्रा पर निकले थे। इनके अलावा नरसिंहपुर कलेक्टर और उच्च शिक्षा विभाग में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल चुके वेद प्रकाश भी बीजेपी ज्वाइन करेंगे। वेद प्रकाश ने रिटायरमेंट के बाद चाय पर चर्चा और अन्य सामाजिक सरोकारों के माध्यम से लगातार खुद को जबलपुर में एक्टिव रखा है। इनके अलावा पन्ना कलेक्टर और नर्मदापुरम व ग्वालियर संभाग आयुक्त रहे रविंद्र मिश्रा भी भाजपा ज्वाइन करने वाले हैं। इनके साथ ही पंचायत राज संचनालय लाने में संचालक रहे रघुवीर श्रीवास्तव भी रविवार को भाजपा में सदस्यता ग्रहण करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार इनमें से कम से कम दो रिटायर्ड आईएएस अफसर टिकट के कतार में भी हैं। सीएम चौहान के प्रयासों से कियावत और वेद प्रकाश को पार्टी टिकट दे सकती है। गौरतलब है कि भाजपा में पहले से ही विधि विभाग में प्रमुख भूमिका में रिटायर्ड आईएएस अफसर एसएस उप्पल पिछले चुनाव के पहले से एक्टिव हैं। इस बार भाजपा ने उन्हें चुनाव आयोग संबंधी विधि विभाग के कार्यों में प्रमुख भूमिका में रखा है।
कांग्रेस में भी एक्टिव हैं रिटायर्ड आईएएस
भाजपा के अलावा कांग्रेस में भी रिटायर्ड आईएएस अफसरों की सक्रियता है। कई रिटायर्ड अफसरों ने तो कांग्रेस जॉइन भी कर रखी है। इनमें अजिता बाजपेई पांडे, वीके बाथम शामिल हैं। इसके अलावा सभाजीत यादव भी चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। वे चुनावी टिकट की दावेदारी कांग्रेस से कर रहे हैं। रिटायर्ड अफसर राजेश बहुगुणा और अजय गंगवार भी हालांकि घोषित तौर पर कांग्रेस के सदस्य नहीं है लेकिन कांग्रेस के समर्थन में कई बार अपने स्टेटमेंट दे चुके हैं। हीरालाल त्रिवेदी ने सपाक्स पार्टी का गठन ही कर रखा है।









