हरियाली तीज कब है? बनेंगे 3 शुभ योग, शिव-गौरी की होगी पूजा, जानें तारीख, मुहूर्त, महत्व

0
1

हरियाली तीज हर साल सावन माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाई जाती है. इस अवसर पर सुहागन महिलाएं हरे रंग की साड़ी और चूड़ी पहनती हैं. 16 श्रृंगार करके भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं, उनके आशीर्वाद से वैवाहिक जीवन सुखमय होता है. इस ​अवसर पर वे अपने सखियों संग झूला झूलती हैं और गीत गाती हैं. इस बार हरियाली तीज पर 3 शुभ योग बन रहे हैं.
हरियाली तीज 2026 तारीख

हिंदू कैलेंडर के अनुसार, हरियाली तीज के लिए जरूरी सावन शुक्ल तृतीया तिथि 14 अगस्त को शाम 6 बजकर 46 मिनट पर शुरू होगी. इस तिथि का समापन 15 अगस्त को शाम 5 बजकर 28 मिनट पर होगा. हरियाली तीज के लिए उदयातिथि की मान्यता है. इस आधार पर हरियाली तीज 15 अगस्त को है.
3 शुभ योग में है हरियाली तीज 2026
इस साल की हरियाली तीज पर 3 शुभ योग बन रहे हैं. उस दिन रवि योग, शिव योग और सिद्ध बन रहे हैं. रवि योग सुबह में 05 बजकर 50 मिनट से शुरू होगा और 16 अगस्त को 03 बजकर 25 ए एम तक रहेगा. रवि योग में सभी दोष खत्म हो जाते हैं, इसलिए यह बहुत ही शुभ योग है.

वहीं शिव योग प्रात:काल से लेकर सुबह 07 बजकर 09 मिनट तक रहेगा. उसके बाद से सिद्ध योग बनेगा, जो 16 अगस्त को सुबह 05 बजकर 21 मिनट तक रहेगा. शिव योग जप, तप, साधना के लिए और सिद्ध योग कार्यों में सफलता के लिए शुभ है. उस दिन ये तीनों योग शुभ फलदायी हैं.

हरियाली तीज पर उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र प्रात:काल से लेकर 16 अगस्त को 03 बजकर 25 ए एम तक रहेगा, उसके बाद से हस्त नक्षत्र होगा.
हरियाली तीज 2026 मुहूर्त
हरियाली तीज के दिन ब्रह्म मुहूर्त 04:24 ए एम से लेकर 05:07 ए एम तक रहेगा. उस दिन का अभिजीत मुहूर्त 11:59 ए एम से दोपहर 12:52 पी एम तक है. सूर्यास्त का समय 07:01 पी एम पर है. उसके बाद प्रदोष काल में हरियाली तीज की पूजा होगी.
हरियाली तीज के अलावा दो और तीज होती है. एक कजरी तीज और दूसरी हरतालिका तीज. बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश आदि में हरतालिका तीज का व्रत रखता है. उस दिन भी शाम में पूजा की जाती है. इस व्रत के पुण्य प्रभाव से दांपत्य जीवन सुखमय होता है.