बॉक्स ऑफिस पर बदले समीकरण, ‘मैं वापस आऊंगा’ के आगे फीकी पड़ी ‘पेद्दी’?

0
6

सिनेमाघरों में आज शुक्रवार को 'कॉकटेल 2', 'बालन – द बॉय' और 'टॉय स्टोरी 5' जैसी कई नई फिल्मों ने दस्तक दे दी है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। वहीं, पहले से रिलीज फिल्मों के बीच भी कमाई की जोरदार जंग जारी है। इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर 'पेद्दी', 'मैं वापस आऊंगा', 'भारत भाग्य विधाता' और 'हॉन्टेड 3डी' जैसी फिल्मों का दबदबा बना हुआ है। इसमें 'मैं वापस आऊंगा' को मिल रही माउथ पब्लिसिटी और तारीफों का असर अब दिखने लगा है और पिछले तीन-चार दिनों के ट्रेंड से साफ है कि अब इसका सीधा मुकाबला सुपरहिट फिल्म 'पेद्दी' के साथ शुरू हो गया है।

'मैं वापस आऊंगा' की कमाई में उछाल, 'भारत भाग्य विधाता' पस्त

इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी के अभिनय से सजी इस फिल्म के कलेक्शन में हर दिन बढ़ोतरी देखी जा रही है। फिल्म ने जहां बुधवार को 1.75 करोड़ कमाए थे, वहीं गुरुवार को इसकी कमाई बढ़कर 2.20 करोड़ रुपये हो गई, जिससे इसका एक हफ्ते का कुल कलेक्शन 12.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है। दूसरी ओर, कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' को क्रिटिक्स से सराहना मिलने के बावजूद यह दर्शकों को तरस रही है। फिल्म का कलेक्शन लाखों में सिमट गया है और गुरुवार को इसने महज 45 लाख रुपये बटोरे, जिससे इसका सात दिनों का कुल नेट कलेक्शन 6.55 करोड़ रुपये ही हो सका।

'हॉन्टेड 3डी' की शानदार पकड़, 'गवर्नर' की हालत पतली

विक्रम भट्ट और मनीष पी. चह्वाण द्वारा निर्देशित हॉरर फिल्म 'हॉन्टेड 3डी- इकोज ऑफ द पास्ट' सिनेमाघरों में दर्शकों को डराने और अपनी ओर खींचने में कामयाब साबित हो रही है। इस फिल्म ने गुरुवार को 1.15 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया, जिससे इसका अब तक का कुल नेट कलेक्शन 15.90 करोड़ रुपये हो गया है। इसके विपरीत, मनोज बाजपेयी स्टारर फिल्म 'गवर्नर' बॉक्स ऑफिस पर बेहद खराब दौर से गुजर रही है। बुधवार की तरह ही गुरुवार को भी इस फिल्म का कलेक्शन महज 30 लाख रुपये पर अटका रहा, जिसके बाद फिल्म की कुल कमाई केवल 5.05 करोड़ रुपये तक पहुंच सकी है।

200 करोड़ क्लब में शामिल 'पेद्दी' की रफ्तार पड़ी धीमी

साउथ सुपरस्टार राम चरण और जान्हवी कपूर की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पेद्दी' 200 करोड़ रुपये के क्लब में शानदार एंट्री मार चुकी है, लेकिन अब इसकी दैनिक कमाई में धीरे-धीरे गिरावट देखी जा रही है। बुधवार को अपने 14वें दिन 2.45 करोड़ रुपये कमाने वाली इस फिल्म का गुरुवार का कलेक्शन घटकर 2 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, फिल्म का अब तक का कुल नेट कलेक्शन 228 करोड़ रुपये के भारी-भरकम आंकड़े पर पहुंच गया है। सिनेमा जगत के विश्लेषकों का मानना है कि 'मैं वापस आऊंगा' की लगातार बढ़ती लोकप्रियता के चलते अब 'पेद्दी' के कलेक्शन पर थोड़ा असर पड़ना शुरू हो गया है।