‘क्योंकि…2’ के अंत की खबरों के बीच स्मृति ईरानी का मजेदार रिएक्शन, बोलीं- ‘अभी यहीं हूं ब्रो’

0
14

नई दिल्ली: अभिनय की दुनिया हो या राजनीति, स्मृति ईरानी ने हर मोर्चे पर अपनी मजबूत और प्रभावशाली पहचान बनाई है। इन दिनों वह अपने लोकप्रिय सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। पिछले कुछ दिनों से मीडिया में यह खबरें तेजी से चल रही थीं कि यह शो इसी महीने यानी अगस्त में ऑफ एयर (बंद) होने वाला है, हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया जा रहा है कि शो को थोड़ा एक्सटेंशन मिल गया है। इन तमाम चर्चाओं के बीच अब खुद स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है, जिससे उनके फैंस के बीच हलचल तेज हो गई है।

रिटायरमेंट को लेकर साफ की स्थिति

स्मृति ईरानी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पुरानी तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने जो कैप्शन लिखा है, उससे यह साफ जाहिर होता है कि वह अभी अभिनय की दुनिया से दूर जाने या रिटायरमेंट लेने के मूड में बिल्कुल नहीं हैं। वह वर्क फ्रंट पर पूरी तरह से सक्रिय हैं और अपने काम को लेकर पूरी तरह समर्पित हैं।

स्मृति ईरानी ने पोस्ट में क्या लिखा?

स्मृति ईरानी ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'जब आंखें कहें… अभी भी यहीं हूं। काम अभी खत्म नहीं हुआ है ब्रो।'

बता दें कि 'क्योंकि…' के इस दूसरे सीजन को लेकर यह कयास लगाए जा रहे थे कि यह अगस्त में बंद हो जाएगा, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक इस लोकप्रिय सीरियल को फिलहाल एक शॉर्ट एक्सटेंशन (समय विस्तार) मिला है, जिसके चलते दर्शक इसे कुछ और समय तक टीवी पर देख सकेंगे। हालांकि, स्मृति ने अपने इस पोस्ट में सीधे तौर पर सीरियल के बंद होने या एक्सटेंशन का कोई जिक्र नहीं किया है, लेकिन उनके इस अंदाज को फैंस इसी से जोड़कर देख रहे हैं।

सेलेब्स और फैंस दे रहे हैं प्रतिक्रियाएं

स्मृति ईरानी के इस सोशल मीडिया पोस्ट पर आम यूजर्स के साथ-साथ कई जाने-माने कलाकारों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। शो के पहले सीजन में काम कर चुकीं मशहूर अभिनेत्री मौनी रॉय ने कमेंट करते हुए लिखा, 'डुग्गा डुग्गा… सुंदर दीदी।' वहीं, 'क्योंकि2…' में नंदिनी का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री गौरी प्रधान ने तस्वीर पर प्यार जताते हुए लिखा, 'बहुत प्यारी तस्वीर'। इसके अलावा शो में गायत्री चाची का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री कमलिका गुहा ठाकुरता ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है, जो सोशल मीडिया पर काफी पसंद की जा रही है।