कालीन भैया का नया दुश्मन बिरजू लोहार कौन? मोहित मलिक ने निभाया भौकाली किरदार

0
7

मुंबई। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर तहलका मचाने के बाद 'मिर्जापुर' की खूनी और सियासी जंग सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। 4 सितंबर को रिलीज हुई फिल्म 'मिर्जापुर द मूवी' ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की है। पुरानी स्टारकास्ट के साथ-साथ इस बार कहानी में कुछ नए चेहरे भी जोड़े गए हैं, जिनमें सबसे ज्यादा चर्चा 'बिरजू लोहार' के किरदार की हो रही है। हाथ में छटंकी लिए विरोधियों पर हमला करने वाला यह किरदार 'कालीन भैया' से दुश्मनी और 'बीना भाभी' से खास रिश्ते को लेकर चर्चा के केंद्र में है।

कौन है बिरजू लोहार का किरदार?

फिल्म में 'बिरजू लोहार' की सशक्त भूमिका जाने-माने अभिनेता मोहित मलिक ने निभाई है। कहानी में बिरजू को बब्बन यादव (रवि किशन) के सबसे भरोसेमंद साथी के रूप में पेश किया गया है। वह अपने खास औजार 'छटंकी' से दुश्मनों पर वार करने के लिए जाना जाता है। इस किरदार का सबसे बड़ा मोड़ 'कालीन भैया' (पंकज त्रिपाठी) की पत्नी 'बीना' (रसिका दुग्गल) के साथ उसका प्रेम संबंध है, जिसके चलते दोनों के बीच कुछ अहम दृश्य भी फिल्माए गए हैं।

दो दशक लंबा रहा है टीवी का सफर

छोटे पर्दे के लोकप्रिय चेहरों में शुमार मोहित मलिक पिछले करीब 20 वर्षों से अभिनय जगत में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2005 में आए धारावाहिक 'मिली' से की थी। इसके बाद उन्होंने टेलीविजन पर लगातार काम करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई और अब वे फीचर फिल्मों में अपनी छाप छोड़ रहे हैं।

'डोली अरमानों की' से मिली घर-घर पहचान

यूं तो मोहित कई धारावाहिकों का हिस्सा रहे, लेकिन साल 2013 में प्रसारित धारावाहिक 'डोली अरमानों की' ने उनके करियर को बड़ा मोड़ दिया। इस शो में उनके निभाए किरदार ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया। इसके अलावा वे लोकप्रिय डांस रियलिटी शो 'झलक दिखला जा' में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।

टेलीविजन से बड़े पर्दे की ओर कदम

मोहित के करियर के प्रमुख टीवी शोज़ में 'कुल्फी कुमार बाजेवाला' भी शामिल है, जिसमें उनके काम को काफी सराहना मिली। टेलीविजन पर लंबी पारी खेलने के बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया और साल 2025 में वे राशा थडानी की पहली फिल्म 'आजाद' में नजर आए थे। अब 'मिर्जापुर द मूवी' में 'बिरजू लोहार' के अंदाज से वे दर्शकों का ध्यान खींचने में पूरी तरह कामयाब रहे हैं।