दरभंगा में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार पति-पत्नी को कुचला; पति की मौत, पत्नी गंभीर

0
7

मधुबनीमधुबनी जिले के सदर थाना क्षेत्र के लोआम-भालपट्टी मार्ग पर छतवन के पास शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

इलाज के दौरान पति की मौत

सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुँची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। रहिका थाना क्षेत्र के घटधारा गाँव निवासी नवीन कुमार भंडारी (40) को गंभीर हालत में डीएमसीएच ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी बबीता कुमारी (34) का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

असिस्टेंट प्रोफेसर थीं घायल महिला

मृतक के स्वजन भी सूचना मिलते ही डीएमसीएच पहुँच गए। परिजनों के अनुसार, बबीता कुमारी ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। दोनों की शादी 14 साल पहले हुई थी और उनके एक बेटा व एक बेटी हैं।

रोज की तरह निकले थे घर से

रोज की तरह नवीन भंडारी अपनी पत्नी को छोड़ने के लिए बाइक से निकले थे और दोनों ने हेलमेट भी पहन रखा था। लोआम के निकट एक अनियंत्रित वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। समय पर एम्बुलेंस न मिलने पर ग्रामीणों ने नाराजगी भी जताई, जिसे पुलिस अधिकारियों ने समझाकर शांत किया। पुलिस अब फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।