दिल्ली में आज ‘मेट्रो मंडे’, DMRC ने बढ़ाए ट्रेनों के फेरे, 6 हजार से ज्यादा बसें सड़कों पर

0
1

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन संरक्षण की भावुक अपील किए जाने के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों से बदलाव की अनूठी तस्वीरें सामने आने लगी हैं। इसी कड़ी में दिल्ली सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार को 'मेट्रो मंडे' के रूप में मनाने का फैसला किया है। आज इस मुहिम का पहला सोमवार है, जिसके तहत दिल्ली-एनसीआर के नागरिकों से अपने निजी वाहनों को घरों पर ही छोड़कर सार्वजनिक परिवहन, विशेषकर मेट्रो और बसों के जरिए सफर करने का आग्रह किया गया है। इस अनोखी पहल का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया है ताकि ईंधन बचाने के साथ-साथ प्रदूषण पर भी लगाम लगाई जा सके।

यात्रियों के दबाव से निपटने के लिए DMRC और DTC ने कसी कमर

'मेट्रो मंडे' की इस विशेष अपील के बाद आज दिल्ली मेट्रो और सार्वजनिक बसों में यात्रियों की तादाद में भारी इजाफे की उम्मीद जताई जा रही है। इस संभावित भीड़ को संभालने और आम जनता को सहूलियत देने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिसके तहत आज रूटों पर 6 अतिरिक्त ट्रेनें उतारी जा रही हैं जो सामान्य दिनों से ज्यादा फेरे लगाएंगी। इसके साथ ही दिल्ली परिवहन निगम (DTC) भी पूरी तरह मुस्तैद है और उसने अपनी सभी 6300 बसों को सड़कों पर उतार दिया है ताकि किसी भी रूट पर यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंत्रियों से लेकर सरकारी बाबुओं तक सब करेंगे सार्वजनिक परिवहन का रुख

इस पूरी मुहिम को सफल बनाने और सरकारी कामकाज को बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं। सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर दफ्तर पहुंचाने के लिए अलग से 58 विशेष बसों को ड्यूटी पर लगाया गया है। सरकार की कोशिश है कि इस पर्यावरण-अनुकूल पहल में आम जनता के साथ-साथ शासन-प्रशासन के लोग भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उम्मीद जताई जा रही है कि आज दिल्ली की सड़कों और मेट्रो में आम मुसाफिरों के साथ कई माननीय मंत्री भी सफर करते हुए जनता का उत्साह बढ़ाते नजर आ सकते हैं।

दिल्ली-एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन का यह है मजबूत ढांचा

यदि दिल्ली में मौजूद सार्वजनिक परिवहन की मौजूदा क्षमता पर नजर डालें तो सरकार के पास एक बेहद मजबूत और विस्तृत नेटवर्क है। वर्तमान में संचालित 6300 बसों में से 4538 बसें पूरी तरह से इलेक्ट्रिक हैं, जो न सिर्फ दिल्ली बल्कि सोनीपत, रोहतक, पानीपत, धारूहेड़ा और बड़ौत जैसे एनसीआर के प्रमुख इलाकों तक सेवा देती हैं। वहीं दूसरी ओर, दिल्ली मेट्रो का 416 किलोमीटर लंबा विशाल नेटवर्क 303 स्टेशनों और 343 ट्रेनों के जरिए रोजाना 4500 से अधिक फेरे लगाता है। इस नेटवर्क की बदौलत फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के लगभग 65 लाख से ज्यादा लोग हर दिन सुरक्षित और सुलभ सफर तय करते हैं।