खाना पसंद नहीं आया तो भड़के नाबालिग, ढाबा कर्मचारी से मारपीट के बाद मामला पहुंचा पुलिस तक

0
1

दिल्ली: राजधानी दिल्ली के वेलकम इलाके में एक ढाबे पर खाना स्वादिष्ट न लगने की मामूली बात पर दो नाबालिगों ने एक कर्मचारी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस गंभीर वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल एहसान नामक कर्मचारी को तत्काल आरएमएल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस कार्रवाई और सीसीटीवी से पहचान

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल के अनुसार, 21 अगस्त की रात करीब 9 बजे वेलकम थाना पुलिस को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवक को चाकू से गोदकर घायल हालत में लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर और संबंधित ढाबे पर पहुंची, जहां ढाबा संचालक सिराज से पूछताछ की गई।

पुलिस ने तकनीकी सहायता और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें वेलकम क्षेत्र से ही दबोच लिया। पकड़े गए दोनों आरोपियों की उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वे इलाके में अपना खौफ कायम करने और लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने साथ चाकू रखते थे। वेलकम थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।