सूरत में रिश्तों का कत्ल! संपत्ति विवाद में मां और छोटे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

0
4

सूरत। गुजरात के औद्योगिक शहर सूरत में जायदाद के बंटवारे को लेकर उपजा पारिवारिक कलह इस कदर हिंसक हो गया कि एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही जन्मदात्री मां और छोटे भाई की चाकू से गोदकर दर्दनाक हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात रविवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे लिंबायत इलाके में स्थित सहजानंद सोसाइटी में घटित हुई। दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से तेलंगाना का रहने वाला यह पीड़ित परिवार पिछले कई वर्षों से सूरत में निवास कर रहा था।

तीन दुकानों के किराए को लेकर लंबे समय से जारी था विवाद

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस परिवार में पिछले दो वर्षों से संपत्ति के स्वामित्व और आय के बंटवारे को लेकर लगातार खींचतान चल रही थी। मल्लेश्वरी नामक वृद्धा के पास तीन दुकानें थीं, जिनसे प्रतिमाह करीब 60 हजार रुपये का नियमित किराया आता था। मल्लेश्वरी अपने सबसे छोटे पुत्र राजू के साथ रहती थीं और दुकानों से प्राप्त होने वाली किराए की पूरी राशि भी उसी के भरण-पोषण व देखभाल के लिए सौंप देती थीं, जिससे बड़ा बेटा बेहद असंतुष्ट था।

मां के फैसले से नाराज बड़े बेटे ने अंजाम दी खूनी वारदात

मल्लेश्वरी का बड़ा बेटा श्रीनिवास इस व्यवस्था के सख्त खिलाफ था। उसकी मांग थी कि तीनों दुकानों और उससे आने वाले किराए का बंटवारा उसके, राजू और तीसरे भाई रमेश के बीच समान रूप से किया जाए। हालांकि, मां ने फिलहाल संपत्ति का बंटवारा करने से साफ इनकार कर दिया था और व्यवस्था बनाई थी कि किराया उसी बेटे को मिलेगा जिसके साथ वे रहेंगी। पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने बताया कि मां के इस निर्णय से बौखलाया चालिस वर्षीय श्रीनिवास रविवार सुबह घर में घुसा और उसने अपनी मां और छोटे भाई पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है और गहन पूछताछ जारी है।