श्रीनगर: श्रीनगर गढ़वाल के घसिया महादेव इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक विश्वविद्यालय छात्र का शव उसके किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही श्रीनगर कोतवाली पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाने के साथ शव को अपने कब्जे में लिया।
एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय का छात्र था मृतक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की शिनाख्त 25 वर्षीय अनीश कुमार, निवासी समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई है। अनीश हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष में पढ़ाई कर रहा था और घसिया महादेव में चौरास झूला पुल के पास किराये का कमरा लेकर रह रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा फंदे से लटका शव देखे जाने के बाद पुलिस को सूचित किया गया था।
मानसिक तनाव से जूझ रहा था छात्र, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक छात्र पिछले कुछ समय से अवसाद और मानसिक तनाव से गुजर रहा था। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम व अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।









