- मेष राशि – किसी को धोखा देने से मनोवृत्ति खिन्न रहेगी, धन का व्यय होगा, सामंजस्य के साथ आगे बढ़ें।
- वृष राशि – परिस्थिति अनुकूल नहीं रहेगी, लेन-देन के मामले स्थगित रखें, व्यर्थ विवाद से अवश्य बचें।
- मिथुन राशि – समय व्यर्थ नष्ट होगा, यात्रा के प्रसंग में थकावट व बेचैनी बनेगी, समय व धन व्यर्थ नष्ट न करें।
- कर्क राशि – प्रयत्नशीलता विफल होगी, परिश्रम करने से ही कुछ सफलता मिलेगी, आलस्य से हानि होगी।
- सिंह राशि – परिश्रम से कार्य पूर्ण होंगे, मेहनत से कार्य में विजय मिलेगी, आशानुकूल सफलता से हर्ष होगा।
- कन्या राशि – व्यवसायिक कुशलता से संतोष होगा, अर्थ-व्यवस्था अनुकूल रहेगी, समय स्थिति का लाभ अवश्य लें।
- तुला राशि – किसी तनावपूर्ण वातावरण से बचें, अवरोध पूर्ण वातावरण से परेशानी बढ़ेगी, धैर्य पूर्वक आगे बढ़ें।
- वृश्चिक राशि – परिस्थिति में सुधार होते हुये भी फलप्रद नहीं, कार्य विफलता की चिन्ता रहेगी, लापरवाही से हानि होगी।
- धनु राशि – स्त्री वर्ग से उल्लास रहेगा, इष्ट मित्र सुखवर्धक होगा, रुके कार्य परिश्रम से बनेंगे, कार्यगति पर ध्यान अवश्य दें।
- मकर राशि – स्वभाव में क्लेश व अशांति रहेगी, व्यर्थ विभ्रम तथा उद्विघ्नता का वातावरण बनेगा, धैर्य अवश्य रखें।
- कुंभ राशि – कार्यगति आशानुकूल रहेगी, चिन्तायें कम होंगी तथा सफलता के साधन अवश्य बनेंगे ध्यान अवश्य दें।
- मीन राशि – आशानुकूल सफलता से हर्ष होगा, इष्ट मित्रों का समर्थन फलप्रद होगा, समय रहते कार्य अवश्य पूर्ण कर लें।
राशिफल: कैसा रहेगा आपका आज का दिन (30 सितम्बर 2022)
सरकार ने 10 यूट्यूब चैनलों के 45 वीडियो ब्लॉक किए : अधिकारी
नई दिल्ली| खुफिया एजेंसियों के इनपुट के आधार पर, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने यूट्यूब को 10 यूट्यूब चैनलों के 45 वीडियो को ब्लॉक करने का निर्देश दिया है।
23 सितंबर को सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यवर्ती दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम 2021 के प्रावधानों के तहत संबंधित वीडियो को ब्लॉक करने के आदेश जारी किए गए थे। अवरुद्ध वीडियो की कुल दर्शकों की संख्या 1 करोड़ 30 लाख से अधिक थी।
कंटेंट में धार्मिक समुदायों के बीच नफरत फैलाने के इरादे से फैलाई गई फर्जी खबरें और मॉफ्र्ड वीडियो शामिल थे।
उदाहरणों में झूठे दावे जैसे कि सरकार ने कुछ समुदायों के धार्मिक अधिकारों को छीन लिया है, धार्मिक समुदायों के खिलाफ हिंसक धमकी, भारत में गृह युद्ध की घोषणा आदि शामिल हैं। इस तरह के वीडियो में सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा करने और देश में सार्वजनिक व्यवस्था को बाधित करने की क्षमता पाई गई।
अधिकारियों ने कहा कि मंत्रालय द्वारा अवरुद्ध किए गए कुछ वीडियो का इस्तेमाल अग्निपथ योजना, भारतीय सशस्त्र बलों, भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र, कश्मीर आदि से संबंधित मुद्दों पर दुष्प्रचार फैलाने के लिए किया जा रहा था।
कुछ वीडियो में भारतीय क्षेत्र के बाहर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों के साथ भारत की गलत बाहरी सीमा को दर्शाया गया है। इस तरह के काटरेग्राफिक गलत बयानी को भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए हानिकारक पाया गया।
मंत्रालय द्वारा अवरुद्ध कंटेंट को भारत की संप्रभुता और अखंडता, राज्य की सुरक्षा, विदेशी राज्यों के साथ भारत के मैत्रीपूर्ण संबंधों और देश में सार्वजनिक व्यवस्था के लिए हानिकारक पाया गया।
मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि तदनुसार, कंटेंट को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69ए के दायरे में शामिल किया गया था।
गूगल इंडिया के सरकारी मामलों और सार्वजनिक नीति प्रमुख अर्चना गुलाटी ने दिया इस्तीफा
नई दिल्ली| गूगल इंडिया में गवर्नमेंट अफेयर्स एंड पब्लिक पॉलिसी की निदेशक अर्चना गुलाटी ने महज पांच महीने में कंपनी से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक उनके इस्तीफे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
उनका इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) सर्च दिग्गज की प्लेस्टोर नीतियों की जांच में अपने फैसले की घोषणा करने के लिए तैयार है।
कंपनी ने इसपर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की।
गुलाटी ने इससे पहले संयुक्त सचिव, डिजिटल संचार, नीति आयोग के रूप में काम किया और इस साल मई में गूगल में शामिल हुईं।
सीसीआई, गूगल प्लेस्टोर की कथित प्रतिस्पर्धा-विरोधी प्रथाओं को लेकर अलायंस ऑफ डिजिटल इंडिया फेडरेशन (एडीआईएफ), मैच ग्रुप और देश की अन्य ऐप कंपनियों के साथ चर्चा कर रहा है।
गूगल ने 2020 में सभी ट्रांजेक्शन के लिए 30 प्रतिशत कमीशन लागू किया, जिसकी भारतीय ऐप डेवलपर्स ने आलोचना की।
इस महीने की शुरूआत में, गूगल ने भारत में अपने पायलट के अगले चरण की शुरूआत की, ताकि उपयोगकर्ताओं को प्लेस्टोर पर ऐप खरीदारी के लिए वैकल्पिक बिलिंग विकल्प तलाशने में मदद मिल सके।
भारत में सभी गैर-गेमिंग डेवलपर्स अब पायलट में भाग लेने के लिए साइन अप कर सकते हैं और अपने मोबाइल और टैबलेट उपयोगकर्ताओं को विकल्प प्रदान कर सकते हैं।
कंपनी ने कहा, "आने वाले महीनों में हम और अधिक साझा करेंगे क्योंकि हम अपने पायलट भागीदारों के साथ निर्माण और पुनरावृति जारी रखेंगे।"
इस बीच, वर्नाक्यूलर सोशल गेमिंग प्लेटफॉर्म विनजो गेम्स ने अपने प्ले स्टोर पर केवल डेली फैंटेसी स्पोर्ट्स (डीएफएस) और रम्मी गेम्स को चुनिंदा रूप से शामिल करने के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय में गूगल की हालिया नीति को चुनौती दी है, जो कई कौशल गेमिंग प्लेटफॉर्म और स्थानीय डेवलपर्स को शामिल नहीं करता है।
इंजीनियरिंग कालेजों में पहले चरण में 17 हजार प्रवेश हुए, 41 हजार सीट अभी भी खाली
भोपाल । तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के 142 इंजीनियरिंग कालेजों की 58,379 सीटों पर प्रवेश के लिए कराई जा रही काउंसलिंग का पहला चरण खत्म हो चुका है। इसमें करीब 17 हजार विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। पिछले वर्ष यह संख्या केवल सात हजार थी। हालांकि इस बार पहले चरण में ही इंजीनियरिंग कोर्स के लिए विद्यार्थियों का रुझान दिख रहा है। हालांकि अभी भी लगभग 41 हजार सीटें खाली हैं। उधर, दूसरे चरण में पंजीयन कराने के लिए सोमवार को आखिरी दिन था। इसमें करीब 18 हजार विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। इनमें तीन हजार 676 जेईई मेंस एवं 13 हजार 478 क्वालिफाइ राउंड के विद्यार्थी शामिल हैं। अब तक सात हजार 167 विद्यार्थियों ने ही च्वाइस फिलिंग की है। वे 27 सितंबर तक पंजीयन में सुधार कर सकते हैं। च्वाइस फिलिंग की आखिरी तारीख 29 सितंबर है। 30 सितंबर को मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद विभाग पांच अक्टूबर को अलाटमेंट जारी करेगा। विद्यार्थी 11 अक्टूबर तक कालेज में प्रवेश ले पाएंगे।
सीएसई नहीं मिलने पर आइटी में ले रहे हैं प्रवेश
पहले चरण में सीएसई में सबसे अधिक प्रवेश हुए हैं। इनमें से सीएसई की स्पेशलाइजेशन ब्रांच में शामिल आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, इंटरनेट आफ थिंग्स, डाटा साइंस में विद्यार्थियों ने प्रवेश लिए हैं। हालांकि सीएसई नहीं मिलने पर विद्यार्थियों ने आइटी में प्रवेश लेना शुरू कर दिया है। वे अगले वर्ष तीसरे सेमेस्टर में आकर अपनी ब्रांच को सीएसई में बदल सकेंगे।
टीएफडब्ल्यू में 45 प्रतिशत प्रवेश
दूसरी ओर कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (सीएसई) नहीं मिलने के कारण विद्यार्थियों ने निश्शुल्क में पढ़ाई की ट्यूशन फीस वेबर स्कीम (टीएफडब्ल्यू) की सीट भी छोड़ दी है। टीएफडब्ल्यू की सीटों पर 45 प्रतिशत प्रवेश हुए हैं। 30 प्रतिशत विद्यार्थियों ने छोटे स्तर के कालेज और अपनी पसंद नहीं मिलने के कारण सीएसई में फीस देकर बड़े कालेजों में प्रवेश लिए हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना में तकनीकी कारणों से कोई गरीब वंचित न रहे – मुख्यमंत्री चौहान
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हम बेहतर कार्य करते हुए प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर करें और प्रदेशवासियों को जन-कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से बेहतर और सुखी जीवन प्रदान करने के लिए निरंतर सक्रिय रहें। इसी विचार के साथ प्रात:कालीन बैठकों में जिलों की विकास गतिविधियों, योजनाओं के क्रियान्वयन और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की जाती है। नवरात्रि के पावन पर्व के आरंभ पर देवी माँ से प्रदेश और देश पर कृपा बनाए रखने तथा सबका मंगल करने की कामना और प्रार्थना है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सुबह 7 बजे निवास कार्यालय से अनूपपुर जिले की समीक्षा बैठक में उपस्थित सभी जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों को नवरात्रि की शुभकामना दी। जिले की प्रभारी एवं जनजातीय कार्य मंत्री सुश्री मीना सिंह, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव तथा शहडोल कमिश्नर श्री राजीव शर्मा वर्चुअली शामिल हुए। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना जिला अधिकारियों सहित अनूपपुर से वर्चुअली शामिल हुई।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण हों, कार्य समय सीमा में हों, जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को मिले और शासकीय कार्यों तथा गतिविधियों के प्रति जन-सामान्य में सकारात्मक भाव रहे, इस संकल्प के साथ हम अपने कर्त्तव्य के प्रति समर्पित रहें। सदा से ही बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित और सम्मानित करने का भाव रहा है और इसे क्रियान्वित भी किया जाता रहा है। परंतु विलंब, मनमानी और अनियमितता के प्रकरणों में दंड और विधिक कार्यवाही करना पड़ती है, जिसका मुझे भी दुख होता है। हमारा प्रयास यह हो कि विकास और जन-कल्याण के कार्य सकारात्मक वातावरण में ही हों।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अनूपपुर जिले में शिशु मृत्यु दर में सुधार और टी.बी. के प्रबंधन में जिले द्वारा राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह संपूर्ण टीम के परिश्रम और प्रभावी समन्वय से ही संभव हुआ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अमरकंटक में माँ नर्मदा जी के उद्गम स्थल के संरक्षण के लिए अतिक्रमण को रोकना आवश्यक है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान, अमृत सरोवर, एक जिला-एक उत्पाद, विद्युत व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, आँगनवाड़ी में पोषण आहार वितरण, पथ विक्रेता योजना, मुख्यमंत्री राशन आपके द्वार योजना आदि की समीक्षा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सी.एम. हेल्पलाइन में प्राप्त विभिन्न शिकायतों और उनके निराकरण पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन में ग्रामवासियों को विश्वास में लेकर योजना का क्रियान्वयन किया जाए। जिन गाँवों में पानी के स्त्रोत नहीं है, वहाँ भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए चैक डेम, स्टॉप डेम और तालाब विकसित करने की योजना बनाकर, क्रियान्वयन किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना में तकनीकी कारणों से कोई गरीब वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस संबंध में प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री उमाकांत उमराव को सुबह फोन पर इस समस्या के कारणों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आवश्यक हुआ तो इन बिन्दुओं पर केन्द्र सरकार स्तर पर चर्चा की जाएगी। अमृत सरोवरों का निर्माण प्रधानमंत्री श्री मोदी की मंशा के अनुरूप हो। प्रभारी मंत्री और जन-प्रतिनिधि नियमित रूप से निर्माणाधीन अमृत सरोवरों का निरीक्षण करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने फरवरी-मार्च माह में 10 आँगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण आहार नहीं पहुँचने के कारणों की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कलेक्टर को पोषण आहार वितरण की निरंतर क्रॉस चेकिंग के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि "एक जिला-एक उत्पाद" योजना की गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाए। योजना केवल कागजी न रहे। जिले के उत्पादों के माध्यम से जिले में उद्यमिता विकसित करने और जिले की पहचान स्थापित करने के सशक्त प्रयास हों। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिन नगरीय निकायों में नगर पालिका अधिकारी पदस्थ नहीं हैं, वहाँ तत्काल अधिकारियों की पदस्थापना की जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अनूपपुर से राजेन्द्र ग्राम को जाने वाली मुख्य सड़क के भू-स्खलन से क्षतिग्रस्त हो जाने की समस्या का तकनीकी परीक्षण कर स्थाई समाधान निकालने के निर्देश प्रमुख सचिव लोक निर्माण श्री नीरज मंडलोई को दूरभाष पर दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अनूपपुर स्थित रेलवे फाटक पर ब्रिज निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहाकि दो माह बाद पुन: जिले की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
जानकारी दी गई कि जल जीवन मिशन में 577 ग्रामों में कार्य किया जाना है, जिनमें से 77 योजनाओं में पानी आना शुरू हो गया है। मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह द्वारा कार्य के प्रति असंतोष व्यक्त करने पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 15 दिन में पुन: इन गाँवों कीरिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में 35 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र में 92 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। जनवरी तक शेष बचे आवास पूर्ण कर लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आवास पूर्ण होने पर जन-प्रतिनिधियों के साथ गृह प्रवेश के कार्यक्रम किए जाएँ। इससे आनंद का वातावरण निर्मित करने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आवास निर्माण से संबंधित सभी पक्षों पर नैतिक दबाव बनाने में सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आवास योजना में किश्त जारी करने के लिए अनुचित राशि की माँग करने वालों पर निगरानी रखने और ऐसे संदिग्ध प्रकरणों का कलेक्टर द्वारा स्वयं परीक्षण करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि "मुख्यमंत्री जन सेवा" अभियान में जिले में 221 शिविर लगाए गए। इनमें 11 हजार आवेदन प्राप्त हुए, इसमें से 967 का निराकरण कर लिया गया है। ऊर्जा साक्षरता अभियान में सभी छात्रावासों को जोड़ा जा रहा है। जिले में 107 अमृत सरोवरों का निर्माण किया जाना है,जिसमें से 81 का कार्य आरंभ हो चुका है। जिले के गैर कृषि फीडर्स से 23 घंटे 35 मिनिट और मिश्रित फीडर्स से 21 घंटे 36 मिनिट बिजली की आपूर्ति की जा रही है। एडाप्ट एन आँगनवाड़ी अभियान में जिले की 1145 आँगनवाडी केन्द्रों को जन-प्रतिनिधि और अधिकारियों ने गोद लिया है। जिले के 190 आँगनवाड़ी केन्द्रों की बाउण्ड्रीवाल बनाने का कार्य जारी है। आँगनवाड़ी केन्द्रों में विद्युत कनेक्शन देने के लिए भी प्राथमिकता पर कार्य किया जा रहा है। "मुख्यमंत्री राशन आपके द्वार" योजना में 283 गाँवों के 35 हजार परिवारों को 20 वाहनों के माध्यम से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में लगभग 85 एकड़ भूमि में लेमन ग्रास लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। "एक जिला-एक उत्पाद" में गुल बकावली, टमाटर और कोंदो की पैकेजिंग और ब्रांडिंग के लिए कार्य किया जा रहा है।
सेहत : कटे फलों पर नमक व शक्कर डालकर खाना हानिकारक
फ्रूट सलाद बनाने के लिए कटे हुए फलों पर लोग चाट मसाला या नमक छिड़कते हैं। इससे फल का स्वाद बढ़ जाता है। कई बार फल की मिठास को और बढ़ाने के लिए लोग कटे फलों में चीनी मिला लेते हैं। अगर आपको भी कटे फलों में ऊपर से शक्कर, नमक या चाट मसाला डालकर खाना पसंद है तो सावधान हो जाइए।
फल में नमक मिलाकर खाने के नुकसान
कटे फल पर नमक छिड़कने पर वह पानी छोड़ने लगता है। इस से फल में मौजूद न्यूट्रिएंट्स खत्म हो जाते हैं। वहीं नमक या चाट मसाले में मौजूद सोडियम किडनी पर असर करता है। अगर आप नमक के साथ चाट मसाला भी मिलाते हैं, तो शरीर में सोडियम की मात्रा ज्यादा हो जाती है, क्योंकि चाट मसाले में भी नमक होता है।
फल में शक्कर मिलाकर सेवन के नुकसान
फल में प्राकृतिक मिठास होती है। फलों में ग्लूकोज भी पाया जाता है, जो कैलोरी बढ़ाता है। ऐसे में अगर आप कटे फलों के ऊपर से चीनी मिलाते हैं, जो शरीर में मिठास की मात्रा अतिरिक्त हो जाती है। इससे डायबिटीज की समस्या बढ़ सकती है। अतिरिक्त शर्करा से वजन भी बढ़ता है। जो मरीज मधुमेह से पीड़ित हैं उनके लिए फलों में ऊपर से चीनी मिलाकर खाना नुकसानदायक हो सकता है।
फल खाने का सही तरीका
फलों के सेवन का एक सही तरीका होता है। अक्सर लोग खाने के साथ ताजे फलों का बना सलाद खाते हैं। भारतीय भोजन में कार्ब और कैलोरी भरपूर मात्रा में होती है। लेकिन जब हम भोजन के साथ फल का सेवन करते हैं तो कार्ब और कैलोरी बढ़ जाती है। ऐसे में भोजन में कार्ब की मात्रा को कम करके फल साथ में खा सकते हैं। वरना खाना और फल को एक साथ मिक्स करके न खाएं।
मुख्यमंत्री चौहान ने करंज, बादाम और सागौन के पौधे लगाए
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ विधायक श्रीमती कृष्णा गौर ने अपने जन्म दिवस पर पौध-रोपण किया। श्रीमती गौर के पुत्र श्री आकाश गौर, पुत्रवधू श्रीमती नेहा ग़ौर और पौत्र श्री व्योम गौर ने भी पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्मार्ट सिटी पार्क में करंज, बादाम और सागौन के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ न्यू लाइफ डेवलपमेंट सोसाइटी, भोपाल के डॉ. इकराम हाशमी, श्री सैयद जावेद अली, सुश्री नीलोफर खान, सुश्री सिमे फिलिप, सुश्री प्राची जैन और श्री हरिओम जाटव भी पौध-रोपण में सम्मिलित हुए।
न्यू लाइफ डेवलपमेंट सोसायटी पर्यावरण, जल-संरक्षण, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर कार्य करती है। सोसाइटी शहर को जीने योग्य बनाए रखने के लिए सक्रिय है। सोसाइटी द्वारा वृक्षा-रोपण, स्वच्छता और जल-संरक्षण के लिए स्कूलों में बच्चों के साथ मिल कर विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है। सोसाइटी द्वारा कोरोना काल में जरूरतमंद लोगों को मदद पहुँचाने में विशेष कार्य किए गए हैं।
पौधों का महत्व
आज लगाया गया करंज का पौधा आयुर्वेदिक चिकित्सा में महत्वपूर्ण माना गया है। करंज का उपयोग धार्मिक कार्यों में भी किया जाता है। बादाम एक मेवा है। तकनीकी दृष्टि से यह बादाम के पेड़ के फल का बीज है। बादाम के पेड़ में गुलाबी और श्वेत रंग के सुंगधित फूल लगते हैं। सागौन द्विबीजपत्री और वर्ष भर हरा-भरा रहने वाला वृक्ष है। इसके पत्ते काफी बड़े होते हैं।
व्रत के लिए बनाए फलाहारी चाट मसाला
सामग्री : चाट मसाला बनाने के लिए जरूरत होगी दो चम्मच जीरा, दो चम्मच सूखा पुदीना, दो चम्मच सूखी लाल मिर्च, एक चम्मच सेंधा नमक, एक चम्मच चीनी, आधा चम्मच काली मिर्च, आधा चम्मच अमचूर।
विधि : एक पैन में जीरे को सूखा ही भूनकर रख लें। ध्यान रहे कि इसे भूनने के लिए किसी भी तरह के तेल या घी का इस्तेमाल ना करें। साथ ही गर्म कड़ाही में काली मिर्च, लाल मिर्च, डालकर हल्का सा गर्म कर लें। अब मिक्सी के ग्राइंडर में खड़ी काली मिर्च, लाल मिर्च, सेंधा नमक, चीनी और आमचूर पाउडर को मिलाकर अच्छे से पीस लें। हल्का सा गर्म करके ठंडा करने पर सारे मसाले थोड़ा क्रंची हो जाते हैं। जिससे आसानी से पिस जाते हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने ईश्वरचंद्र विद्यासागर की जयंती पर किया नमन
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रख्यात समाज सुधारक श्री ईश्वरचंद्र विद्यासागर की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर माल्यार्पण किया।
श्री ईश्वरचन्द्र विद्यासागर का जन्म बंगाल के मेदिनीपुर जिले के वीरसिंह गांव में 26 सितम्बर 1820 को हुआ था। श्री ईश्वर चन्द्र को संस्कृत एवं दर्शन पर उनके पाण्डित्य के कारण विद्यासागर की उपाधि से सम्मानित किया गया था। उन्हें दलितों एवं गरीबों का संरक्षक कहा जाता है। उनके प्रयासों से वर्ष 1856 में विधवा विवाह के लिए कानून पारित हुआ। बेटियों को शिक्षित करने के लिए जहाँ आवाज उठाई वहीं बाल विवाह का विरोध भी किया। श्री विद्यासागर का अवसान 29 जुलाई 1891 को हुआ।
आज से शुरू हुई Apple की Diwali Sale
iPhone खरीदारों के लिए आज 26 सितंबर से Apple ने खुद अपनी दिवाली सेल शुरू कर दी है। ये सेल एप्पल इंडिया ऑनलाइन स्टोर पर लाइव हो गई है। इस सेल में एप्पल के सभी प्रोडक्ट्स जैसे की iPad, Mac, Apple Watch, Airpods सहित कई चीजों पर भारी डिस्काउंट और ऑफर्स दिए जा रहे हैं। इस सेल में iPhone 11, iPhone 12 और यहां तक कि iPhone 13 मॉडल खरीदने पर छूट तो मिल ही रही है साथ ही बैंक और एक्सचेंज ऑफर का यूज कर आप काफी सस्ते में इन फोन्स को खरीद पाएंगे। Apple की दिवाली सेल में iPhone के साथ फ्री AirPods जैसे स्पेशल गिफ्ट्स भी दिए जा रहे हैं।
iPhone 13 पर बंपर डिस्काउंट
Apple ने आईफोन 13 को पिछले साल 79,900 रुपये के प्राइस टैग के साथ लॉन्च किया था। हाल में हुए प्राइस कट के बाद इस फोन की कीमत अब 69,900 रुपये हो गई है। एप्पल इसे HDFC Bank credit card और American Express card के साथ 7000 रुपए तक के इंस्टेंट डिस्काउंट पर बेच जा रहा है। इसके अलावा फोन को EMI पर भी ख़रीदा जा सकता है। iPhone 13 को आप iPhone 11 से एक्सचेंज पर ₹22,000 रुपए तक की छूट प्राप्त कर सकते हैं। फ्लिपकार्ट पर चल रही बिग बिलियन डे सेल में इस फोन को आप डिस्काउंट और ऑफर्स के साथ 57,990 रुपये में खरीद सकते हैं।
Apple सेल में सभी iPhones को HDFC क्रेडिट कार्ड और American Express कार्ड के साथ खरीदने पर 7000 रुपए का इंस्टेंट डिस्काउंट दिया जा रहा है। वहीं पुराने iphone को एक्सचेंज कर आप ₹46,120 रुपए तक की छूट पा सकते हैं। एक्सचेंज कास्ट आपकी फोन की कंडीशन पर पूरी तरह निर्भर है। इसके अलावा फोन को EMI पर भी ख़रीदने का ऑप्शन है। बता दें कि फ्लिपकार्ट और अमेजन पर पहले से आईफोन की दमदार सेल चल रही है और यूजर्स को इस सेल में बंपर ऑफर्स भी दिए जा रहे हैं।














