पुडुचेरी पुलिस के लिए ऐतिहासिक दिन, अमित शाह ने प्रदान किया प्रेसिडेंट्स कलर

0
6

पुडुचेरी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पुडुचेरी पुलिस को उनकी उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और विशिष्ट उपलब्धियों के लिए प्रतिष्ठित 'प्रेसिडेंट्स कलर' (राष्ट्रपति निशान) सम्मान से नवाजा। गोरिमेडु स्थित पुडुचेरी सशस्त्र पुलिस मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में शाह ने केंद्र शासित प्रदेश के पुलिस बल के ‘एनसाइन’ अधिकारी को यह सर्वोच्च सम्मान सौंपा।

राष्ट्रपति ने की थी सम्मान की घोषणा

इस सम्मान की घोषणा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसी वर्ष 8 मई को की थी। 'प्रेसिडेंट्स कलर' किसी भी सैन्य इकाई, राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की पुलिस को उनके असाधारण योगदान के लिए दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है। इससे पहले भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और देश के कई अन्य राज्यों की पुलिस को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है।

समारोह में मौजूद रहे प्रमुख गणमान्य

इस ऐतिहासिक अवसर पर पुडुचेरी पुलिस महानिदेशक शालिनी सिंह, उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन और मुख्यमंत्री एन. रंगासामी सहित कई गणमान्य व्यक्ति और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। समारोह के दौरान पुडुचेरी पुलिस ने शानदार परेड का प्रदर्शन कर गृह मंत्री को सलामी दी।