छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र): जयपुर के सांगानेर स्थित रामपुरा-कंवरपुरा के सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं पर हुए पथराव और हिंसक हमले के बाद अब सीजेपी नेता अभिजीत दीपके का बड़ा बयान सामने आया है। दीपके ने इस पूरी घटना को लेकर राजस्थान की राज्य सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सीधा निशाना साधा है।
भाजपा की घबराहट और नाकामी आई सामने: अभिजीत दीपके
अभिजीत दीपके ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आशुतोष रांका और उनकी टीम पर हुआ यह हमला भाजपा की बौखलाहट और डर को साफ दर्शाता है। सत्तापक्ष को यह डर सता रहा है कि यदि गरीब बच्चों के स्कूलों की स्थिति सुधर गई, तो जनता सरकार की प्रशासनिक नाकामियों पर सवाल खड़े करने लगेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीजेपी टीम वहां सिर्फ यह उजागर करने गई थी कि किस तरह एक सरकारी स्कूल तबेले में तब्दील हो चुका है। लेकिन सच उजागर होने के डर से उनकी टीम पर पथराव किया गया, गाड़ियां फोड़ी गईं और कार्यकर्ताओं को गंभीर रूप से लहूलुहान कर दिया गया।
सुविधाओं के अभाव पर चुप्पी, सच दिखाने पर जानलेवा हमला
सरकारी तंत्र की बदहाली पर सवाल उठाते हुए दीपके ने कहा कि जब सरकारी स्कूलों में पीने के शुद्ध पानी और क्रियाशील शौचालयों जैसी प्राथमिक सुविधाओं का अकाल होता है, तब जिम्मेदार महकमा पूरी तरह खामोश रहता है। लेकिन जैसे ही कोई जागरूक नागरिक या संगठन सरकार के दावों की पोल खोलता है, उस पर प्रायोजित हमले कराए जाते हैं। उन्होंने दोहराया कि चाहे कितना भी राजनीतिक दबाव या हिंसा का सहारा लिया जाए, वे गरीब बच्चों के बेहतर भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
स्थानीय पार्षद पर दंगा भड़काने और पैसे बांटने का संगीन आरोप
मामले पर सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा कि मीडिया को इस हिंसा के लिए निर्दोष ग्रामीणों को जिम्मेदार नहीं ठहराना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि ग्रामीणों ने तो स्वयं उनसे स्कूल की बदहाली का निरीक्षण करने का आग्रह किया था। रांका के अनुसार, माहौल बिगाड़ने और हिंसा फैलाने के लिए बाहर से असामाजिक तत्वों को बुलाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय भाजपा पार्षद को मौके पर उपद्रवियों को नकद रुपये बांटते हुए देखा गया था, जिससे साफ होता है कि यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित और प्रायोजित था।
स्कूल निरीक्षण के दौरान शुरू हुआ पूरा घटनाक्रम
उल्लेखनीय है कि जयपुर के सांगानेर क्षेत्र के पास स्थित रामपुरा-कंवरपुरा में एक बदहाल सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के बीच शुक्रवार सुबह तीखी झड़प हो गई थी। सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनकी टीम के पहुंचने पर लोगों के आक्रोश के चलते भारी हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों और बाहरी तत्वों ने आशुतोष रांका और उनके सहयोगियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा तथा उनके वाहनों में तोड़फोड़ कर दी।








