मुम्बई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों में पहले नंबर पर हैं। तेंदुलकर को संन्यास लिए एक दशक से भी अधिक समय जो गया है पर कोई भी खिलाड़ी उनके बनाये रनों के रिकार्ड के तोड़ नहीं पाया है। टेस्ट, एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय तीनों प्रारूपों को मिलाकर, सचिन ने अपने 24 वर्ष के अद्वितीय करियर में कुल 34,357 रन बनाए हैं। वहीं दूसरे स्थान पर भारत के ही अनुभवी विराट कोहली हैं, इसके बाद श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा, ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग और श्रीलंका के ही माहेला जयवर्धने का नंबर आता है। इस सभी ने विश्वक्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाया है पर इसके बाद भी सचिन का रिकार्ड नहीं तोड़ पाये हैं। इनमें से अब केवल विराट ही सक्रिय क्रिकेट हैं जो एकदिवसीय प्रारुप में खेल रहे हैं। ऐसे में अब केवल विराट के पास ही उनके रिकार्ड को तोड़ने का अवसर है।
गौरतलब है कि तेंदुलकर ने साल 1989 से 2013 के बीच भारत के लिए कुल 664 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। इनमें उन्होंने 782 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 74 बार नाबाद रहकर 48.52 की प्रभावशाली औसत से 34,357 रन बटोरे। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 248 रन रहा। उनके नाम 100 अंतरराष्ट्रीय शतक और 164 अर्धशतक दर्ज हैं, जो आज भी विश्व रिकॉर्ड हैं और उनकी अद्वितीय बल्लेबाजी क्षमता को दर्शाते हैं। अपने करियर में उन्होंने 50,000 से अधिक गेंदों का सामना किया और उनके चार हजार से ज्यादा चौके तथा 264 छक्के लगाये।
वहीं विराट दूसरे नंबर पर हैं। वह सचिन के रिकॉर्ड के सबसे करीब पहुंचे है। वर्ष 2008 से अब तक अपने शानदार करियर में कोहली ने 562 मैचों की 629 पारियों में 91 बार नाबाद रहते हुए 52.71 की असाधारण औसत से 28,359 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 254 रन है। विराट के नाम 85 शतक और 148 अर्धशतक दर्ज हैं। 79.73 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वाले विराट को आधुनिक क्रिकेट के सबसे सफल और प्रभावशाली बल्लेबाजों में से एक माना जाता है, और उनके पास अभी भी सचिन के रिकॉर्ड को चुनौती देने का अवसर अवसर है।
तीसरे स्थान पर श्रीलंका के महान विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार संगकारा हैं, जिन्होंने 2000 से 2015 के बीच 594 मैचों की 666 पारियों में 46.77 की औसत से 28,016 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 319 रन रहा। संगकारा ने 63 शतक और 153 अर्धशतक लगाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और दो बार के विश्व कप विजेता पोंटिंग इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 1995 से 2012 तक 560 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 668 पारियों में 45.95 की औसत से 27,483 रन बनाए। पोंटिंग ने अपने करियर में 71 शतक और 146 अर्धशतक लगाएहै। पांचवें स्थान पर श्रीलंका के एक और दिग्गज बल्लेबाज माहेला जयवर्धने हैं, जिन्होंने 1997 से 2015 तक 652 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 725 पारियों में 40.81 की औसत से 25,957 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 374 रन रहा। जयवर्धने के नाम 54 शतक और 136 अर्धशतक दर्ज हैं। ये सभी पांचों बल्लेबाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में निरंतरता, असाधारण कौशल और लंबे समय तक उत्कृष्ट प्रदर्शन के प्रतीक हैं। हालांकि, इन सभी महान खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के बावजूद, सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय रनों का सचिन का रिकॉर्ड आज भी अटूट है।









