खारुन नदी पार करते वक्त हादसा, एक युवक लापता; दूसरा सुरक्षित बाहर आया

0
7

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रानीतरााई थाना क्षेत्र अंतर्गत खारुन नदी पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ओदरागहन और तर्रागोंदी के बीच बने एनीकेट को पार करते समय बाइक फिसलने से दो व्यक्ति उफनती नदी में गिर पड़े। हादसे में एक व्यक्ति नदी के तेज बहाव में बह गया, जबकि उसका साथी तैरकर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा।

एनीकेट पार करते समय अनियंत्रित होकर नदी में गिरी बाइक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम दो ग्रामीण मोटरसाइकिल से खारुन नदी पर बने एनीकेट को पार कर रहे थे। इस दौरान जलस्तर अधिक होने और फिसलन के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे दोनों पानी में जा गिरे। एक ग्रामीण ने तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन दूसरा व्यक्ति नदी के तेज प्रवाह में बह गया। घटना के बाद जीवित बचे ग्रामीण ने स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचित किया।

अंधेरा होने से सर्च ऑपरेशन में आई बाधा

हादसे की जानकारी मिलते ही रानीतराई थाना पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, शाम ढलने और गहरा अंधेरा होने के कारण जल संकट के बीच तत्काल खोजबीन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके चलते प्राथमिक स्तर पर तलाशी अभियान रोकने के बाद शुक्रवार की सुबह पुनः बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

एसडीआरएफ ने डीप डाइविंग की मदद से बरामद किया शव

शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ के गोताखोरों ने डीप डाइविंग तकनीक का उपयोग करते हुए नदी की गहराइयों में तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने डूबे हुए व्यक्ति का शव बाहर निकाल लिया। मृतक की पहचान सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तर्रागोंदी का निवासी था।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की शुरू

रानीतराई थाना प्रभारी हुबलाल चंद्राकर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि ओदरागहन से तर्रागोंदी मार्ग पर खारुन नदी के एनीकेट को पार करने के दौरान यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मृतक का शव पंचनामा कार्रवाई के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत वैधानिक जांच शुरू कर दी है।