अस्पताल के चेंजिंग रूम में गुपचुप रिकॉर्डिंग का आरोप, नर्स ने सामने रखी सच्चाई

0
10

बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर शहर में एक निजी अस्पताल की नर्स द्वारा अस्पताल संचालक, डॉक्टर, मैनेजर और अन्य स्टाफ के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में यह प्रकरण दर्ज किया गया है, जिसकी जांच महिला सेल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) द्वारा की जा रही है।

हनीट्रैप मामले में जेल से लौटने के बाद दर्ज कराई रिपोर्ट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इससे पूर्व 2 जुलाई को उक्त अस्पताल के डॉक्टर द्वारा नर्स के खिलाफ हनीट्रैप और ब्लैकमेल का मामला दर्ज करवाया गया था। उस मामले में नर्स को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जहाँ से वह 30 सितंबर को रिहा होकर बाहर आई थी। इसके बाद 8 अक्टूबर को उसने महिला थाने में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

गुप्त कैमरे से वीडियो बनाने और दुष्कर्म का आरोप

नर्स ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि अस्पताल में काम करने के दौरान चेंजिंग रूम में सीक्रेट कैमरे की मदद से उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाए गए। आरोप है कि इन वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उस पर लगातार दबाव बनाया गया। पीड़िता ने जनवरी 2024 में नाइट ड्यूटी के दौरान जबरन कमरे में ले जाकर दुष्कर्म करने और उसका वीडियो रिकॉर्ड करने का गंभीर आरोप भी लगाया है।

रिपोर्ट में अस्पताल संचालक एवं डॉक्टर सायमन मेकवान (निवासी जीवन वर्षा अपार्टमेंट, अहमदाबाद हाल मंगलम टॉवर, हमीरपुरा बाड़मेर), मैनेजर जगतसिंह सोढ़ा तथा कंवराराम सहित अन्य को आरोपी बनाया गया है। पीड़िता का दावा है कि बदनाम करने की नीयत से उसके खिलाफ झूठे मामले दर्ज करवाए गए और अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए।

पुलिस जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। इस पूरे मामले की गहनता से जांच महिला सेल के एएसपी कर रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।