रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ जिले के विकासखंड पुसौर के ग्राम बुनगा के पांच आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सरपंच बेदप्रकाश साव ने केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की श्रीमती पुष्पमती चौहान तथा आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय नायक ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। आयुर्वेद विभाग द्वारा कार्यक्रम में शामिल महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य देखभाल के संबंध में आवश्यक समझाइश दी गई। कार्यक्रम के दौरान 6 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और 5 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। वहीं 2 बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि योजना के तहत डाकघर में खाते खोले गए। पांचों आंगनबाड़ी केंद्रों में न्यौता भोज का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को नशामुक्ति और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में उपसरपंच दीनबंधु साव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनिता, चित्रा, हरिप्रिया, रामेश्वरी एवं उमा सहित सहायिकाओं, मितानिन, फार्मासिस्ट भोज मालाकार, ग्रहण, योग प्रशिक्षक दुलामनी रजक तथा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









