बच्चों को मिलेगी बेहतर सुविधा, राजस्थान में स्कूल भवन निर्माण का रास्ता साफ

0
7

जयपुर। राजस्थान में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के बढ़ते आंदोलन और दबाव के बाद राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जयपुर के सांगानेर ब्लॉक स्थित रामपुरा (कंवरपुरा) के जर्जर सरकारी प्राथमिक विद्यालय की नई इमारत के निर्माण के लिए सरकार ने 18 लाख रुपये की वित्तीय राशि मंजूर की है। आंदोलनकारियों की ओर से 48 घंटे की चेतावनी, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और बढ़ते जनदबाव के बीच सरकार को यह ताबड़तोड़ निर्णय लेना पड़ा।

सीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमले के बाद बढ़ा तनाव

हाल ही में स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे सीजेपी के कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया था और उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल और तनाव काफी बढ़ गया था। सीजेपी की ओर से अल्टीमेटम दिया गया था कि यदि स्कूल के पुनर्निर्माण और हमलावरों पर कार्रवाई को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो राज्यभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

18 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत

आंदोलन के बाद दबाव में आई राज्य सरकार ने आनन-फानन में 18 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इसमें डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड से 12 लाख रुपये और स्थानीय विधायक कोष से 6 लाख रुपये शामिल हैं। नई स्कूल इमारत का निर्माण कार्य 1 सितंबर से शुरू होने की संभावना है। सीजेपी नेताओं ने इसे अपने संघर्ष और जनदबाव की एक बड़ी जीत करार दिया है।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और एफआईआर रद्द करने की मांग

कॉकरोच जनता पार्टी ने स्पष्ट किया है कि केवल फंड की मंजूरी से उनका आंदोलन समाप्त नहीं होगा। पार्टी ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और अपने कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को रद्द करने की मांगों को दोहराया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती और प्रदेश के अन्य जर्जर स्कूलों की स्थिति सुधारने का रोडमैप तैयार नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।