सरकारी नौकरी का सपना रह गया अधूरा, होमगार्ड भर्ती दौड़ में शिवम ने तोड़ा दम

0
7

मुरादाबाद। मुरादाबाद स्थिति 9वीं वाहिनी पीएसी मैदान में आयोजित होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत हो रही दौड़ में भाग ले रहा एक अभ्यर्थी अचानक गश्त खाकर मैदान में गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

बीटेक पास अभ्यर्थी के रूप में हुई मृतक की पहचान

मृतक युवक की पहचान बरेली की मणिनाथ कॉलोनी, राजपुर कला निवासी शिवम यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शिवम ने बीटेक की डिग्री हासिल की थी और वे घर पर ही बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपने परिवार का जीविकोपार्जन कर रहे थे। वे अपने पीछे पत्नी कोमल और तीन वर्ष की एक मासूम बेटी को छोड़ गए हैं।

दौड़ के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत

भर्ती प्रक्रिया की देखरेख कर रहे प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सुबह लगभग आठ बजे दौड़ प्रतियोगिता चल रही थी, तभी शिवम अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। मैदान में तैनात चिकित्सा दल और विभागीय कर्मचारियों ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुँचाया, परंतु तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

घटना से परिजनों में छाया मातम

युवक की अकाल मृत्यु का समाचार मिलते ही उनके निवास स्थान पर शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है और विधिक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन रोते-बिलखते मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए हैं।