राज्यपाल बागडे ने लोकभवन में स्व-गणना के माध्यम से “जनगणना 2027” की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ किया

0
6

जयपुर। राजस्थान में "जनगणना 2027" की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ शुक्रवार को राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे द्वारा लोक भवन में स्व-गणना के माध्यम से किया गया। इसके साथ ही राज्य भर में जनगणना गतिविधियों का पहला चरण शुरू हो गया है।

श्री बागडे ने आम जन से जनगणना के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेने और स्व-गणना के माध्यम से सटीक और पूर्ण जानकारी प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा जनगणना वेब पोर्टल को सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है, जिससे नागरिक बिना किसी कठिनाई के अपना विवरण भर सकेंगे। उन्होंने युवाओं और सामाजिक संगठनों से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे अन्य लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने में सहायता करें ताकि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

राज्यपाल ने कहा कि ''जनगणना-2027'' के पवित्र कार्य में आम जन का सहयोग ही राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में उनकी भागीदारी है। उन्होंने कहा कि गणनाकर्मियों का स्वागत करें। सही जानकारी दें। कोई भी संदेह हो तो हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
उल्लेखनीय है कि यह भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें डेटा का संग्रह डिजिटल उपकरणों के माध्यम से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, नागरिकों को एक सुरक्षित वेब-आधारित प्रणाली के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है।

जनगणना निदेशक विष्णु चरण मलिक ने बताया कि घर-घर जनगणना सर्वेक्षण से पहले, नागरिक 1 मई  से 15 मई, 2026 तक वेब पोर्टल पर स्व-गणना सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस अवधि के दौरान, व्यक्ति अपने मोबाइल नंबर और आवश्यक विवरण का उपयोग करके पोर्टल https://se.census.gov.in पर लॉग इन कर अपने और अपने परिवार के बारे में जानकारी डिजिटल रूप से जमा कर सकते हैं। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी भी उपस्थित रहे।