BJP का बड़ा संगठनात्मक फैसला, दिलीप पटेल समेत कई नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी

0
8

लखनऊ| उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) संगठन ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गतिशील तथा मजबूत बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों और मोर्चों के नए प्रभारियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से जारी इस सूची के अनुसार कुल छह वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश के अलग-अलग सांगठनिक क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी संगठन द्वारा तय की गई नई जिम्मेदारियों के तहत रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिम क्षेत्र, गीता शाक्य को ब्रज क्षेत्र, शंकर लोधी को कानपुर क्षेत्र और दिलीप पटेल को अवध क्षेत्र का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, रमेश सिंह को वाराणसी (काशी) क्षेत्र तथा अभिजात मिश्रा को गोरखपुर क्षेत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विभिन्न मोर्चों पर भी की गई नए प्रभारियों की नियुक्ति

क्षेत्रीय स्तर के अलावा पार्टी ने विभिन्न मोर्चों के कामकाज को धार देने के लिए भी प्रभारियों के नामों की घोषणा की है। इस फेरबदल के तहत राजेश चौधरी को भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) और संजय राय को पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही, डॉ. धर्मेंद्र सिंह को अनुसूचित जाति मोर्चा, कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा तथा डॉ. प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रभार सौंपा गया है। अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी देवेश कोरी को दी गई है, जबकि किसान मोर्चा के प्रभारी की कमान शंकर गिरी को सौंपी गई है।

मुख्यालय और अन्य प्रमुख पदों पर इनकी हुई तैनाती

संगठन के सुचारू संचालन के लिए अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। इसके अंतर्गत गोविंद नारायण शुक्ला को पार्टी का नया मुख्यालय प्रभारी बनाया गया है। वहीं, प्रदेश मंत्री नरेंद्र शर्मा को मीडिया प्रभारी, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर को विस्तारक योजना का संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, अर्चना मिश्रा को लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का संयोजक और राहुल वाल्मीकि को इसका सह-संयोजक बनाया गया है।

screenshot 2026 08 08 123704 6a7screenshot 2026 08 08 123721 6a7screenshot 2026 08 08 123740 6a7