नाम पुकारते ही हुआ धमाका, स्कूटी सवार बदमाश मौके से भाग निकले

0
8

जबलपुर। शहर के तिलवारा थाना अंतर्गत सगड़ा की आयुषीधरा कॉलोनी में गुरुवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सफेद रंग की स्कूटी पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर उत्पाद मचाया। हमलावरों ने न सिर्फ घर पर देसी बम फेंके, बल्कि बाहर खड़ी लग्जरी थार गाड़ी और पड़ोसी की कार में ईंट-पत्थरों से तोड़फोड़ कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

"बाहर निकल राधेश्याम…" और गूंज उठे धमाके

पीड़ित राधेश्याम झारिया ने पुलिस को बताया कि 25 जून की रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर पर थे। इसी दौरान अचानक घर के बाहर से गाली-गलौज और जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। बदमाश उनका नाम लेकर चिल्ला रहे थे, "बाहर निकल राधेश्याम झारिया!" जब तक राधेश्याम कुछ समझ पाते और बाहर आते, तब तक जोरदार धमाकों और कांच टूटने की आवाजों से पूरी कॉलोनी दहल उठी।

बमबाजी के निशान और थार के अंदर मिलीं ईंटें

जब पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर बाहर देखा, तो तीन युवक सफेद रंग की सुजुकी एक्सेस स्कूटी पर सवार होकर कॉलोनी के गेट की तरफ भाग रहे थे। बाहर का नजारा बेहद खौफनाक था। राधेश्याम की थार कार (MP 20 XB 6062) के सामने और साइड के कांच पूरी तरह चकनाचूर हो चुके थे और गाड़ी के अंदर दो ईंटें पड़ी मिलीं। घर के बाहर सुतली और कागज के टुकड़े बिखरे हुए थे, जो बम फटने की तस्दीक कर रहे थे।

पड़ोसी की कार भी निशाना, फायरिंग की आशंका

बदमाशों ने केवल राधेश्याम ही नहीं, बल्कि उनके पड़ोसी मालाकार के घर को भी निशाना बनाया। हमले में मालाकार की कार (MP 20 CA 9371) के बगल और पीछे के कांच टूट गए। यही नहीं, मालाकार के घर की दीवार पर कुछ ऐसे निशान मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की थी।

मामला दर्ज, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पीड़ित राधेश्याम ने बताया कि बदमाशों के इस हमले से उनकी और उनके परिवार की जान पर बड़ा खतरा मंडरा रहा था। तिलवारा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कॉलोनी के मुख्य गेट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि सफेद स्कूटी पर भागे बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।