ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला और खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवक को अतिरिक्त मोमोज मांगना इतना महंगा पड़ गया कि दुकानदार ने गुस्से में आकर उस पर खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद से आरोपी दुकानदार मौके से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
एक्स्ट्रा मोमोज को लेकर शुरू हुआ था विवाद
यह घटना रविवार, 4 अक्टूबर की है। न्यू रेशम मिल इलाके के प्रगति नगर में रहने वाला शिवा उर्फ चेतन भदौरिया अपने दो दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने से पहले पुरानी रेशम मिल चौराहे पर स्थित ‘अंकित मोमोज’ के ठेले पर रुका था। शिवा ने 20 रुपये के मोमोज का ऑर्डर दिया, जिसके जवाब में दुकानदार ने प्लेट में 7 मोमोज रख कर दिए।
जब शिवा ने दुकानदार से कहा कि 20 रुपये में आमतौर पर 8 मोमोज मिलते हैं, तो इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक विवाद का रूप ले लिया। दुकानदार ने गालियां देना शुरू कर दिया और मामला धक्का-मुक्की व मारपीट तक पहुंच गया।
खौलता हुआ तेल फेंकने से बुरी तरह झुलसा युवक
विवाद के दौरान गुस्से में अंधे हुए दुकानदार ने कढ़ाही में खौल रहा तेल सीधे शिवा के ऊपर फेंक दिया। इस अचानक हुए हमले में शिवा का चेहरा और एक कान बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लहूलुहान और गंभीर रूप से झुलसे शिवा को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज कर आरोपी दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद से ही अपनी दुकान बंद कर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।







