सतना में ऊंची इमारत में लगी भीषण आग, तीन लोगों को सुरक्षित निकाला; रेस्क्यू जारी

0
2

सतना। मध्य प्रदेश के सतना शहर के कामता टोला इलाके में स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में आज अचानक भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। इमारत के अंदर कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन की मुस्तैदी और रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग हरकत में आ गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब चार गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। सिटी एसडीएम राहुल सिलाडिया खुद घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्य की कमान संभाले हुए हैं।

घायलों को अस्पताल पहुंचाने की त्वरित पहल

मौके पर एंबुलेंस के समय पर न पहुंच पाने के कारण एसडीएम ने मानवीय दृष्टिकोण दिखाते हुए अपनी सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल किया। उन्होंने अपनी गाड़ी में ही बिल्डिंग से सुरक्षित निकाले गए और घायल लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में कुछ लोग घायल हुए हैं।

आसपास के मकान खाली कराए गए

आग की भूनकता इतनी ज्यादा है कि इसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे बिल्डिंग को भारी क्षति पहुंची है। एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन द्वारा आग की लपटों को फैलने से रोकने और सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के मकानों को भी खाली कराया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस व नगर निगम की टीमें अंदर फंसे अन्य लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं।